इंदौर। किशनगंज क्षेत्र में रविवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने महू-इंदौर रोड पर कई दुपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया है, जो खुद को आर्मी का अधिकारी बता रहा है। पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 8 बजे किशनगंज रेलवे ब्रिज के नीचे हुआ। कार चालक की तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने 4 से 5 बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार रोड पर दूर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की गति बहुत तेज थी।राहगीरों की सूचना पर पहुँची पुलिस ने घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल पहुँचाया। हादसे के कारण मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सुचारू किया।
