इंदौर शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बदमाशों ने सूने मकान, दुकान और गोदाम में सेंधमारी कर चोरी की तीन वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस ने तीनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विशेष बात यह है कि एक मामले में सीसीटीवी की मदद से आरोपी पड़ोसी को ही दबोच लिया गया है। सूर्य सुखम कॉलोनी मूसाखेड़ी में रहने वाली आराधना कुशवाह के घर को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया। १६ फरवरी के दौरान जब घर सूना था, तब चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर भीतर रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है। सीसीटीवी में कैद हुआ पड़ोसी दुकानदार- लिम्बोदी स्थित ‘भैय्या चाय नाश्ता प्वाइंट’ में २३ फरवरी की रात सिगरेट और पान मसाले के पैकेट चोरी हुए थे। दुकानदार अतुल बोंबटकर ने जब संदेह होने पर दुकान में सीसीटीवी कैमरे दिखवाए तो चोरी की हकीकत सामने आ गई। फुटेज में पड़ोस में कैफे चलाने वाला अखिलेश तिवारी दुकान में चोरी करते हुए दिखाई दिया। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। गोदाम से लोहे के रोल और नगदी चोरी- ग्राम देवगुराड़िया स्थित जेबीएस जिप्सम इंडिया के गोदाम में २८ फरवरी की तड़के चोरी की वारदात हुई। फरियादी मुकुल जैन के अनुसार, अज्ञात बदमाशों ने गोदाम का ताला तोड़कर ५० हजार रुपये कीमत के दो पुराने लोहे के रोल और १७,५०० रुपये नकद उड़ा लिए।
