
9 मार्च तक सुबह सामूहिक ग्रन्थ पाठ एवं रुद्राभिषेक, दोपहर एवं रात में होगी भजन कीर्तन मंडलों की प्रस्तुतियां
इंदौर साउथ तुकोगंज स्थित श्रीनाथ मंदिर संस्थान में सोमवार को सुबह काकडा आरती, सामूहिक ग्रन्थपाठ एवं योगाभ्यानंद माधवनाथ महाराज के रुद्राभिषेक के साथ उनके 90वें पुण्यतिथि महोत्सव का शुभारंभ हुआ। शाम को टिटवाला, महाराष्ट्र की प्रसिद्ध कीर्तनकार ह.भ.प. सौ. ज्ञानदा बुरसे पंडित और उनकी टीम ने गणेश स्तवन के साथ ही गणेशजी के विभिन्न नामों की सुंदर व्याख्या कर अपने मनोहारी संकीर्तनों से पहले दिन ही भक्तों को पूरे समय आल्हादित बनाए रखा। महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस महोत्सव में शामिल होने आए हैं।
श्रीनाथ मंदिर संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष, पूर्व राज्यपाल एवं न्यायमूर्ति वीएस कोकजे ने बताया कि महोत्सव में 9 मार्च तक प्रतिदिन सुबह के सत्र में सामूहिक ग्रन्थ पाठ एवं महाराजश्री का रुद्राभिषेक तथा में अनेक प्रख्यात भजन एवं कीर्तन मंडलों के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। महोत्सव में देशभर के श्रद्धालु आएँगे। प्रतिदिन शाम 6 बजे से ज्ञानदा पंडित के मनोहारी संकीर्तन होंगे। तबले पर आदित्य लेले एवं हारमोनियम पर राजेंद्र जोशी संगत करेंगे। हर दिन भजन संकीर्तन की नई-नई प्रस्तुतियां होंगी। सोमवार को दोपहर के सत्र में स्वरचित भजन मंडल की बहनों ने अपने सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां देकर भक्तों को बांधे रखा।
विशेष सांस्कृतिक संध्या – रविवार 8 मार्च को सांय 7.30 बजे “ओंकार स्वरूपा’ कार्यक्रम के तहत प्रख्यात गायक एवं संगीतकार श्रीधर फड़के और सौ. शिल्पा पुणताम्बेकर अपने भावगीत, भक्ति गीत एवं अभंगों की प्रस्तुतियां देंगे। अध्यक्ष श्री कोकजे ने सभी श्रद्धालुओं से इस पावन प्रसंग पर आयोजित कार्यक्रमों में सपरिवार उपस्थिति का आग्रह किया है।
