
इंदौरअग्रवाल समाज हाई वे क्षेत्र पालदा के तत्वावधान में सोमवार शाम वरुण विक्ट्री रहवासी संघ की मेजबानी में वरुण विक्ट्री परिसर में 10 क्विंटल गोकाष्ठ एवं गाय के गोबर के कंडों से श्रृंगारित होलिका का दहन किया गया। इस मौके पर सैकड़ों समाजबंधुओं ने पहले गोमाता का पूजन कर शास्त्रोक्त विधि से होलिका एवं भक्त प्रहलाद का पूजन भी किया।
कार्यक्रम में हाई वे क्षेत्र संगठन के प्रमुख संस्थापक अरविंद बागड़ी के साथ रहवासी संघ की ओर से सतीश गोयल, मनीष अग्रवाल मन्नू, विकास मित्तल, आशीष शर्मा, नारायण एरन, नवीन पुरोहित राजा, सन्देश खंडेलवाल सहित क्षेत्र के समाजबंधुओं ने होलिका का विधिवत पूजन-अर्चन किया और परंपरागत विधि से होलिका दहन स्थल की परिक्रमा भी की। बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने भी होलिका का पूजन कर दहन के पश्चात होली ठंडी करने की रस्म निभाई।
इस अवसर पर बागड़ी जो म.प्र. वैश्य महासम्मेलन के प्रांतीय महामंत्री भी हैं, ने बताया कि शहर के अनेक प्रमुख वैश्य संगठनों ने भी गुरुवार को गोकाष्ठ एवं गोबर के कंडों से श्रृंगारित होलिका का दहन किया । शहर में एक दर्जन से अधिक वैश्य संगठनों की ओर से गोकाष्ठ की होली का दहन करने का निश्चय किया गया था और उसके अनुरूप आज शुभ मुहूर्त में होलिका दहन की रस्म संपन्न की गई। दहन में किसी भी तरह की लकड़ी एवं अन्य पदार्थों का उपयोग वर्जित रखा गया था। पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से इस संकल्प की शहर में विभिन्न संगठनों द्वारा प्रशंसा की गई है।
