फोटो साभार एजेंसी
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत आवेदन की अंतिम तिथि 16 मार्च

इंदौर
इंदौर जिले के बुजुर्गों को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत प्रसिद्ध तीर्थ कामाख्या देवी की नि:शुल्क यात्रा करायी जाएगी। यात्रा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। चयनित बुजुर्गों की यात्रा का सभी खर्च राज्य शासन द्वारा वहन किया जाएगा। यात्रा के लिए 16 मार्च तक स्थानीय निकाय में आवेदन जमा किए जा सकते हैं।
तीर्थ यात्रियों की विशेष ट्रेन कामाख्या देवी तीर्थ के लिए 29 मार्च रविवार को इंदौर से रवाना होगी तथा यह ट्रेन 03 अप्रैल को वापस आएगी। इस तीर्थ यात्रा से कुल 279 बुजुर्ग लाभान्वित होंगे। तीर्थ यात्रा में जाने वाले यात्रियों के लिए आवश्यक शर्तें: मध्यप्रदेश का मूल निवासी जिनकी आयु 60 वर्ष से अधिक हो और वह आयकरदाता न हो। साथ ही इस योजना के अंतर्गत पूर्व में कोई भी तीर्थ यात्रा न की हो। यात्रा के लिए नगर निगम क्षेत्र में झोनल कार्यालय और ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित नगरीय निकाय अथवा जनपद पंचायत कार्यालय में आवेदन किए जा सकते हैं।
