इंदौर। राऊ थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले सड़क हादसे का शिकार हुई एक महिला ने बुधवार रात एमवाय अस्पताल में दम तोड़ दिया। महिला को सड़क पार करने के दौरान एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी थी। पुलिस ने टक्कर मारने वाली कार को जब्त कर लिया है और ड्राइवर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मृतका का नाम मीना पति धनपाल श्रीवास्तव (५२), निवासी साईंनाथ कॉलोनी राऊ है। घटना तीन दिन पहले की है, जब मीना संजय नगर क्षेत्र में सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान एक अनियंत्रित कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मीना के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई थीं। हादसे के तुरंत बाद राहगिरों और परिजनों की मदद से उन्हें पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन हालत में सुधार न होने और स्थिति नाजुक होने के कारण उन्हें इंदौर के एमवाय अस्पताल भेजा गया। यहाँ सघन उपचार के बावजूद बुधवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली।
