इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र में नशेड़ियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि टोकने पर उन्होंने एक पूरे परिवार पर हमला कर दिया। पड़ोस के खाली मकान में नशा कर रहे युवकों को जब फरियादी ने मना किया, तो आरोपियों ने पत्थर और लात-घूंसों से हमला कर पति, पत्नी और साली को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस के मुताबिक, घटना राहुल गांधी नगर की है। फरियादी अंगद कुमार पिता मुक्तेश्वर कुमार खरवार ने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोस में एक खाली मकान है, जहाँ आरोपी निखिल चौहान और उसका भाई बैठकर नशा कर रहे थे। क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों को रोकने के लिए जब अंगद उन्हें मना करने पहुँचे, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद के दौरान आरोपी निखिल ने पास पड़ा पत्थर उठाकर अंगद के सिर पर दे मारा। हमले में अंगद का सिर फट गया और खून निकलने लगा। चीख-पुकार सुनकर जब अंगद की पत्नी सीमा और साली रीमा बीचबचाव करने दौड़ीं, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। शोर सुनकर पड़ोसियों के इकट्ठा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। लसूड़िया पुलिस ने फरियादी अंगद कुमार की शिकायत पर आरोपी निखिल चौहान और उसके भाई के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
