देपालपुर
देपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेगंदा में एक ६६ वर्षीय बुजुर्ग के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोपियों ने बुजुर्ग पर चेक चोरी करने का बेबुनियाद आरोप लगाया और फिर लाठी- डंडों से उनकी पिटाई कर दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो सगे भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, फरियादी आत्माराम पिता कनिराम मौर्य (६६), निवासी ग्राम बछौड़ा ने थाने पहुँचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। आत्माराम ने बताया कि वह ग्राम बेगंदा में तालाब की पाल के पास थे, तभी वहां सुखदेव परमार और उसका भाई विनोद परमार दोनों निवासी ग्राम बेगंदा आए। आरोपियों ने बुजुर्ग आत्माराम को रोककर उन पर चेक चोरी करने का झूठा आरोप मढ़ दिया। जब बुजुर्ग ने इस बात से इनकार किया, तो दोनों भाई गाली-गलौज पर उतार आए। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने हाथ-मुक्कों के साथ-साथ डंडे से बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उन्हें शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। मारपीट के दौरान आरोपी चिल्ला रहे थे और बुजुर्ग को डरा रहे थे। जाते-जाते आरोपियों ने उन्हें धमकी दी कि यदि पुलिस में शिकायत की या दोबारा दिखाई दिए, तो उन्हें जान से खत्म कर देंगे। देपालपुर पुलिस ने आत्माराम की शिकायत पर आरोपी सुखदेव और विनोद परमार के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
