
इंदौर
शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय किला भवन इंदौर में प्राचार्य डॉ. बी. डी. श्रीवास्तव के संरक्षण में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में महिला अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना है।
महाविद्यालय की प्राचार्य ने बताया कि गत 06 मार्च को जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह जागरूकता रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर आसपास के क्षेत्र में निकाली गई, जिसमें छात्राओं ने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ”, “नारी शक्ति – देश की शक्ति” जैसे जागरूकता नारों के माध्यम से समाज को जागरूक किया। इस अवसर पर छात्राओं ने हाथों में तख्तियाँ और पोस्टर लेकर महिलाओं के अधिकार, शिक्षा और आत्मनिर्भरता का संदेश भी दिया। यह रैली समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. निशा जैन, डॉ. रेणुका उपाध्यक्ष व डॉ. शीतल झा के नेतृत्व में संपन्न हुई ।
07 मार्च शनिवार को कार्यक्रम के दूसरे दिन संस्था प्रमुख प्राचार्य डॉ. बी.डी. श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण समाज और राष्ट्र के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। भारत में देवताओं से ज्यादा देवियों की पूजा की जाती है। उन्होंने छात्राओं को सशक्त होने के साथ–साथ अपनी प्रतिभा के माध्यम से आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दी। साथ ही कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की संयोजक डॉ. शीतल ब्राह्मणे द्वारा महिला सशक्तिकरण हेतु व्याख्यान का आयोजन करवाया गया। महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी.पी. बैरागी द्वारा छात्राओं को सशक्त बनने हेतु प्रेरित कर वित्त प्रबंधन के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की । कार्यक्रम की मुख्य वक्ता प्रो. महिमा स्नाखले द्वारा छात्राओं को लिंग भेद एवं लिंग समानता के बारे में जानकारी प्रदान की गई । अद्वैत फाउंडेशन की संस्थापक श्रीमती रुमाली तिवारी ने महिला सशक्तिकरण के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर छात्राओं को आधुनिक युग की वास्तविकता से अवगत कराया। श्रीमती रानी सक्सेना द्वारा पॉक्सो एक्ट के बारे में छात्राओं को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रो. ममता खपेड़या द्वारा छात्राओं को सशक्त बनने एवं समस्या से लड़ने हेतु प्रेरित किया। यह कार्यक्रम समाजशास्त्र विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारीगण एवं छात्राएं उपस्थित रही।
