
आश्रम से जुड़े श्रद्धालु फूलों, गुलाल, इत्र एवं गुलाब जल का प्रयोग कर माँ जगदम्बा के साथ खेलेंगे होली
इंदौर । विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर ‘होली के रंग जगदंबा के संग’ कार्यक्रम रविवार, 8 मार्च को अपराह्न 3 बजे से विद्याधाम परिसर में महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य में आयोजित होगा। उत्सव में विद्याधाम से जुड़े सैकड़ों परिजन एवं स्नेहीजन भी सपरिवार शामिल होंगे। इस दौरान काले, नीले और पक्के रंगों का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा।
आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा एवं राजेंद्र महाजन ने बताया कि पिछले के वर्षों से आश्रम पर माँ भगवती के आँगन में होली का परंपरागत त्यौहार मनाया जा रहा है। इसी श्रृंखला में रविवार को दोपहर 3 बजे से आश्रम से जुड़े श्रद्धालु केवल फूलों, रंग-बिरंगी गुलाल, इत्र एवं गुलाब जल का प्रयोग कर मां जगदंबा के साथ होली खेलकर एक-दूसरे को रंगपंचमी की बधाई एवं शुभकामनाएं देंगे। महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानन्द सरस्वती भी आशीर्वाद स्वरुप भक्तों पर रंग, गुलाल और फूलों की वर्षा करेंगे। होली खेलने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे इस रंगारंग रंगपंचमी महोत्सव के दौरान मंदिर की गरिमा और मर्यादा का पालन करते हुए उत्सव का आनंद उठाएं।
