इन्दौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक कलयुगी बेटे ने महज मोबाइल फोन इस्तेमाल करने से रोकने पर अपने ही बुजुर्ग पिता पर डंडे से हमला कर दिया। नशे के आदी युवक ने पिता के साथ न केवल गालीगलौज की, बल्कि उन्हें बुरी तरह पीटा भी। पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर आरोपी बेटे के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लसूड़िया पुलिस के मुताबिक, ६० वर्षीय फरियादी राजेंद्र शर्मा की शिकायत पर उनके बेटे नंदकिशोर शर्मा (१८) के खिलाफ दर्ज किया गया है। राजेंद्र शर्मा ने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उनका बेटा शराब पीने का आदी है और घर में अक्सर विवाद करता रहता है। फरियादी के मुताबिक, नंदकिशोर अक्सर पिता का मोबाइल फोन छीन लेता है और देर रात तक उसका इस्तेमाल करता रहता है। १० मार्च की दोपहर करीब १२:३० बजे जब राजेंद्र ने उसे मोबाइल का ज्यादा इस्तेमाल करने और समय बर्बाद न करने की सलाह दी, तो नंदकिशोर भड़क गया। आरोपी बेटे ने पहले तो अपने पिता को गालियां दीं और जब पिता ने विरोध किया, तो उसने पास पड़ा डंडा उठाकर उन पर हमला कर दिया। इस मारपीट में बुजुर्ग राजेंद्र शर्मा के हाथ, पीठ और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हुए, तब कहीं जाकर आरोपी शांत हुआ।
