इंदौर हीरानगर थाना क्षेत्र में नशे में धुत युवक द्वारा घर में घुसकर युवती से छेड़छाड़ और उसकी बहन को जबरन साथ ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक २० वर्षीय पीड़िता ने बताया कि उसकी बड़ी बहन का दोस्त मोहित चौहान निवासी स्वास्थ्य नगर, कर्णावत होटल के पास ९ मार्च की रात करीब ९:३० बजे शराब के नशे में उनके घर पहुंचा। आरोपी ने युवती से अश्लील हरकत और छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज करते हुए झूमाझटकी शुरू कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने आए भाई के साथ भी मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद मोहित जबरन पीड़िता की बहन का हाथ पकड़कर उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने घर ले गया, जहां उसके साथ मारपीट की और शादी के लिए दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
