संस्था सेवा सुरभि की मेजबानी में शहर के जल विशेषज्ञ रखेंगे अपनी बात
विश्व जल दिवस की पूर्व बेला में रविवार को प्रेस क्लब सभागृह में
इंदौर सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था सेवा सुरभि के तत्वावधान में विश्व जल दिवस की पूर्व बेला में रविवार 15 मार्च को ‘भूजल स्त्रोतों की शुद्धि और पुनर्भरण में सावधानी’ जैसे प्रासंगिक विषय पर एक परिसंवाद रूपी संगत का आयोजन सुबह 10 बजे से इंदौर प्रेस क्लब के राजेंद्र माथुर सभागृह में रखा गया है। संस्था के संयोजक ओमप्रकाश नरेडा, कुमार सिद्धार्थ एवं किशोर पंवार ने बताया कि इस अवसर पर शहर के अनेक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। इस संगत में भारत सरकार की ओर से पेय जल सुरक्षा के लिए नियुक्त पूर्व राष्ट्रीय नोडल अधिकारी डॉ. सुधीन्द्र मोहन शर्मा, आरआर केट के सेवानिवृत्त वरिष्ठ वैज्ञानिक निकेतन सेठी अपने अनुभवों के आधार पर भूमिगत जल स्त्रोतों की शुद्धि और उसके पुनर्भरण में बरती जाने वाली सावधानियों पर अपनी बात रखेंगे। इस सामयिक आयोजन की सदारत करेंगे शहर के सजग नागरिक के रूप में अजीत सिंह नारंग। संगत का संचालन करेंगी मेघा बर्वे। कार्यक्रम में शहर के जल स्त्रोतों की देखभाल और जल वितरण की व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम शहर के सुधि नागरिकों के लिए खुला है।
