—-
*मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने निजी चिकित्सालयों का किया निरीक्षण*
—-
*कमियां मिलने पर वेदांत अस्पताल की आयुष्मान संबद्धता निलंबित*
—
*14 मार्च को कलेक्टर कार्यालय में चिकित्सालय संचालकों की होगी बैठक*
इंदौर, 13 मार्च 2026
इंदौर जिले में पी.एम. राहत योजना (सड़क दुर्घटना पीड़ित अस्पताल में भर्ती एवं सुनिश्चित उपचार) की शुरूआत 20 फरवरी 2026 से की गई है। योजना अंतर्गत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को गोल्डन ऑवर के दौरान दुर्घटना की तिथि से सात दिनों के भीतर डेढ़ लाख रुपये तक का कैशलेस चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।
जिले में पी.एम. राहत योजना के क्रियान्वयन की स्थिति को जानने के लिए शुक्रवार को आयुष्मान योजना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने आयुष्मान के अंतर्गत संचालित निजी चिकित्सालयों का भ्रमण किया। सुपर यूनिक नीमा चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने पी.एम. राहत योजना के अंतर्गत उपचाररत मरीज से जानकारी प्राप्त की। 40 वर्षीय युवक को सड़क दुर्घटना के दौरान पैर में गंभीर चोट लगने के कारण इस योजना के अंतर्गत 08 मार्च 2026 को भर्ती किया गया है, जिनका इलाज जारी है। शीघ्र ही उनकी शल्य चिकित्सा भी निःशुल्क की जाएगी। इंदौर पुलिस द्वारा भी EDAR एप पर सड़क दुर्घटना की पुष्टि की है, जिसमें मरीज को डेढ़ लाख रुपये तक का उपचार निःशुल्क मिल रहा है। मरीज और उसके परिजनों ने शासन और प्रशासन का आभार माना।
इसके साथ ही मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. भरसट द्वारा इंदौर ट्रामा चिकित्सालय एवं अरिहंत अस्पताल का निरीक्षण किया गया और आयुष्मान हितग्राहियों से उन्होंने यह जाना कि योजना के अंतर्गत उन्हें उपचार गुणवत्तापूर्ण मिल रहा है या नहीं। हितग्राहियों ने उपचार पर पूर्ण संतुष्टि जताई। साथ ही उन्होंने वेदांत चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया और पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने हेतु निर्देशित किया। वेदांत अस्पताल में अधोसंरचनात्मक त्रुटियां पाए जाने पर उसकी आयुष्मान योजना से संबद्धता निलंबित कर दी गई।
शनिवार 14 मार्च 2026 को दोपहर 12 बजे कार्यालय कलेक्टर में पीएम राहत योजना के संचालन एवं क्रियान्वयन के संबंध में निजी एवं शासकीय चिकित्सालयों के संचालकों/प्रबंधकों की बैठक का आयोजन कलेक्टर श्री शिवम वर्मा और आयुष्मान योजना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की अध्यक्षता में किया गया है।
