इंदौर के छोटा नेहरू स्टेडियम का नाम बदला
बैठक में कई प्रस्ताव स्वीकृत, बाजार को विकसित कर राजस्व बढ़ाने पर भी की चर्चा
इंदौर। इंदौर में गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय के महापौर सभागृह में मेयर इन काउंसिल (MIC) की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विषयों पर चर्चा के बाद कई प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। बैठक में छोटा नेहरू स्टेडियम का नाम बदलने के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए इसका नाम छत्रपति शिवाजी स्टेडियम करने का निर्णय लिया गया। वहीं, नगर निगम को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बाजार को विकसित कर राजस्व बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि नगर निगम इंदौर का वार्षिक बजट इसी माह के अंत में प्रस्तुत किया जाएगा। इसे लेकर एमआईसी में विस्तार से चर्चा की गई और सदस्यों से सुझाव भी लिए गए। उन्होंने कहा कि आने वाला बजट शहर की मूलभूत सुविधाओं के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा। महापौर ने बताया कि नगर निगम की स्वामित्व वाली कुछ जमीनों को प्रीहोल्ड लीज पर देने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई, लेकिन सर्वसम्मति से फिलहाल ऐसे किसी भी प्रस्ताव पर आगे नहीं बढ़ने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निगम अपनी संपत्ति बेचकर आय अर्जित करने की कोई योजना नहीं बना रहा है।
बैठक में शहर की पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी निर्णय लिए गए। छह नई पार्किंग के टेंडर निकालने की स्वीकृति दी गई। इसके अलावा तुलसी नगर पुलिया से निपानिया तक सड़क की स्ट्रेंथनिंग सहित अन्य कार्य 13 करोड़ रुपए की लागत से कराए जाएंगे। इसके लिए टेंडर जारी करने की मंजूरी भी दी गई है। साथ ही झोन समितियों को मजबूत करने के लिए विशेष प्रावधान को भी स्वीकृति दी गई।
निगम संपत्ति बेचने का फिलहाल कोई निर्णय नहीं
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि मीडिया में यह चर्चा चल रही थी कि नगर निगम अपनी संपत्ति बेचकर आय अर्जित करने की योजना बना रहा है। एमआईसी में इस विषय पर चर्चा जरूर होती है, लेकिन फिलहाल ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि निगम भविष्य में पीपीपी मोड और सीएसआर के माध्यम से मार्केट्स को डेवलप कर रेवेन्यू बढ़ाने की दिशा में काम करेगा।
बैठक में लिए गए प्रमुख फैसले
छोटा नेहरू स्टेडियम का नाम बदलकर छत्रपति शिवाजी स्टेडियम करने का निर्णय।
शहर में 6 नई पार्किंग के टेंडर निकालने की स्वीकृति।
तुलसी नगर पुलिया से निपानिया तक सड़क स्ट्रेंथनिंग के काम को मंजूरी।
करीब 13 करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे।
सरवटे बस स्टैंड की पार्किंग को स्वीकृति।
जोन समितियों को मजबूत करने के लिए विशेष प्रावधान मंजूर।
नगर निगम का वार्षिक बजट इसी माह के अंत में प्रस्तुत होगा।
