इंदौर
बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक युवक पर उसकी पत्नी और ससुराल वालों द्वारा जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पारिवारिक विवाद के चलते मायके गई पत्नी ने अपने पिता, मां और भाइयों के साथ मिलकर पति को रास्ते में रोका और मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पाँच नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, गोविंद कॉलोनी निवासी शुभम पिता कैलाश रायकवार ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसका अपनी पत्नी काजल से करीब ४५ दिन पहले विवाद हुआ था, जिसके बाद वह अपने मायके बक्षीबाग चली गई थी। कल जब शुभम कंपनी से छुट्टी होने पर खाना खाने के लिए सरवटे की ओर जा रहा था, तभी पोलो ग्राउंड स्थित एसबीआई बैंक के पास ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे घेर लिया।शुभम का आरोप है कि वहां उसकी पत्नी काजल, ससुर आनंद मेहरा, सास शारदा, साला अर्जुन और कृष्णा मौजूद थे।
सभी उसे देखते ही गालियां देने लगे। जब शुभम ने विरोध किया, तो ससुर, सास और पत्नी ने उसे कसकर पकड़ लिया। इसी दौरान साले अर्जुन ने किसी नुकीली वस्तु से शुभम के सिर पर पीछे से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। दूसरे साले कृष्णा ने भी उसके साथ जमकर मारपीट की।आरोपियों ने मारपीट के दौरान शुभम को धमकाते हुए कहा कि अगर दोबारा काजल को परेशान किया, तो तुझे जान से खत्म कर देंगे। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हुए, जिन्हें देख आरोपी मौके से भाग निकले। बाणगंगा पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपियो के खिलाफ केस दर्ज किया है।
