खाटू श्याम के भजनों से देर रात तक भक्तिमय बना रहा माहौल
मंत्री सिलावट ने भगवान से नंबर वन विधानसभा की कामना की

इंदौर। तलावली चांदा, देवास नाका स्थित लेक व्यू रिसोर्ट में आयोजित फाग उत्सव एवं खाटू श्याम भजन संध्या में भक्ति, रंग और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भजनों की मधुर धुनों पर देर रात तक भक्तिमय माहौल बना रहा। इस दौरान मुख्य अतिथि मंत्री तुलसीराम सिलावट ने आयोजकों को बधाई देते हुए सांवेर के साथ संपूर्ण मध्यप्रदेश की सभी विधानसभा नंबर वन विधानसभा बनाने की कामना भगवान से की। आयोजन चिंटू सिलावट, पप्पू शर्मा, राजेश पांडे , राजू ठाकुर और संजय शर्मा के नेतृत्व में किया गया। आयोजन में भक्तों के लिए भक्ति संगीत के साथ फाग उत्सव की पारंपरिक झलक भी देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने भजन संध्या का आनंद लेते हुए खाटू श्याम के जयकारों के साथ कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण हरियाणा के प्रसिद्ध भजन गायक परविंदर पलक रहे, जिन्होंने “खाटू धाम की माटी मुझे रास आ गई, कण-कण में तेरा वास प्रभु” जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। उनके भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरे परिसर में खाटू श्याम के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के मंत्री तुलसीराम सिलावट विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने मंच से सभी श्रद्धालुओं को नमन करते हुए कहा कि यह मंच फाग उत्सव के स्नेह, विश्वास, समन्वय, प्रेम, सामंजस्य और सान्निध्य का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एक रंग में अद्भुत शक्ति और प्रेम छिपा होता है, जो समाज को जोडऩे का काम करता है। मंत्री सिलावट ने आयोजकों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि यह परिवार मध्यप्रदेश की सभी 230 विधानसभा में सांवेर विधानसभा नंबर एक बने, ऐसी भगवान से कामना है। उन्होंने मंच से भजन गायक परविंदर पलक को छोटी बहन बताते हुए मध्यप्रदेश सरकार, सांवेर क्षेत्र और अपनी ओर से स्वागत एवं अभिनंदन भी किया। साथ पूरी आयोजन टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल , भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा और भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष श्रवणसिंह चावड़ा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और आयोजन की सराहना की।
