इन्दौर। सांवेर रोड इलाके में बीती रात एक प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब २ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों रुपये का कच्चा और तैयार माल जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड को रात करीब १०:२० बजे सूचना मिली कि सांवेर रोड स्थित महालक्ष्मी नाम की फैक्ट्री में आग लगी है। उप निरीक्षक दुबे के नेतृत्व में दमकल कर्मी तुरंत मौके पर पहुँचे। फैक्ट्री से ऊंची लपटें और काला धुआं उठता देख दमकल की कई गाड़ियों को मोर्चे पर लगाया गया। टीम ने चारों ओर से पानी की बौछारें कर आग को पास की अन्य फैक्ट्रियों में फैलने से रोका।फैक्ट्री संचालक योगेश पिता अशोक पंजाबी है।आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। फैक्ट्री में भारी मात्रा में जूते-चप्पल, प्लास्टिक का रॉ मटेरियल और अन्य तैयार सामान रखा हुआ था। शॉर्ट सर्किट को आग लगने की प्रारंभिक वजह माना जा रहा है। एक अन्य घटना बीती रात न्यू देवास रोड स्थित एक दुकान में हुई। यहाँ दुकान से धुआं निकलता देख क्षेत्र के लोगों ने तत्काल मोर्चा संभाला और फायर ब्रिगेड के पहुँचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया। समय रहते सक्रियता दिखाने से बड़ा हादसा टल गया और दुकान के भीतर रखा कीमती सामान सुरक्षित बच गया।
