इंदौर
द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस गश्त को चुनौती दी है। गुमास्ता नगर स्थित एक अपार्टमेंट की दुकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाश शटर उचकाकर भीतर दाखिल हुए और वहां रखी नकदी व कीमती कपड़े चोरी कर फरार हो गए। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, चोरी की यह घटना गोकुलधाम अपार्टमेंट, गुमास्ता नगर में हुई। यहाँ स्थित दुकान जी सच्चानंद के संचालक मनीष कुमार पिता श्यामलाल बत्रा निवासी द्वारकापुरी जब सुबह अपनी दुकान पर पहुँचे, तो उन्हें शटर मुड़ा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान अस्तव्यस्त था और गल्ले में रखी नकदी गायब थी। फरियादी मनीष कुमार ने पुलिस को बताया कि बदमाश दुकान का शटर उचकाकर अंदर घुसे थे। चोरों ने न केवल गल्ले में रखी नगदी पर हाथ साफ किया, बल्कि दुकान में बिक्री के लिए रखे कीमती कपड़े भी बटोर ले गए। वारदात के बाद बदमाश आसानी से मौके से फरार होने में कामयाब रहे। द्वारकापुरी पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस गोकुलधाम अपार्टमेंट और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के हुलिए और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
चोर ने अपनी साइज के कपड़े भी चुराएफरियादी ने अपनी दुकान के सीसीटीवी फुटेज में देखा कि एक चोर अन्दर घुसा और दूसरा चोर बाहर झाड़ी कर रहा था, जो चोर अन्दर था उसने नकदी साफ करने के बाद कपड़े भी चुराए। महत्वपूर्ण बात यह रही कि चोर ने अपनी साइज और पसंद के कपड़े छांटे और उसे भी चुराकर साथ ले गया, जिससे वह चोर कपड़े को पहन सके, जिस समय चोरी की घटना को अंजाम चोर ने दिया उस समय वह अन्दर अपने शर्ट की कॉलर को सीधा कर मुंह को ढंकने की कोशिश पूरे समय करता रहा।
