इन्दौर। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते मारपीट का एक मामला सामने आया है। एक दम्पत्ति द्वारा किराये का कमरा लेकर अलग शिफ्ट होने की बात उनके बड़े भाई को इतनी नागवार गुजरी कि उसने अपने ही भाई और उसकी पत्नी पर डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए दूसरे भाई को भी आरोपी ने ईंट मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना नई बस्ती कैलोद करताल की है। फरियादी रुपाली पति रामसिंह तंवर ने शिकायत दर्ज कराई कि उसने और उसके पति रामसिंह ने रहने के लिए एक अलग कमरा किराये पर लिया है। बीती शाम करीब ६:०० बजे जब वे अपना घर का सामान लेने पहुंचे, तो रुपाली का जेठ राजा तंवर वहां आ धमका और गालियां देने लगा।रुपाली और उसके पति ने जब गाली देने से मना किया, तो आरोपी राजा तंवर तैश में आ गया। उसने पास पड़ा डंडा उठाकर रामसिंह पर हमला कर दिया, जिससे उनके दाहिने पैर और कमर में गंभीर चोटें आईं। शोरसुनकर छोटा भाई विनोद तंवर जब बीच-बचाव करने पहुंचा, तो आरोपी ने उस पर ईंट से हमला कर दिया। ईंट लगने से विनोद के सिर, छाती और पीठ पर चोटें आई हैं।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राजा तंवर वहां से भाग निकला। जाते-जाते उसने धमकी दी कि अगर दोबारा घर का सामान लेने आए, तो तुम लोगोंको जान से खत्म कर दूंगा।
