
सात दिवसीय कथा सप्ताह में भक्ति का माहौल, हजारों लोगों ने ग्रहण की महाप्रसादी
इंदौर। श्री रामेश्वर सोमेश्वर महादेव मंदिर समिति जगन्नाथ नगर द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का समापन सुदामा चरित्र के भावपूर्ण वर्णन के साथ हुआ। अंतिम दिन कथा स्थल पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।आयोजन समिति के मलखान सिंह कुशवाह विजय दुबे अजय कुशवाह,ने बताया कि कथा सप्ताह के अंतिम दिन कथा व्यास महामंडलेश्वर 1008 स्वामी श्री शांति स्वरूपानंद गिरिजी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा के प्रसंग का मार्मिक वर्णन किया। उन्होंने सुदामा की भक्ति, मित्रता और समर्पण की भावना को विस्तार से बताते हुए उपस्थित श्रद्धालुओं को जीवन में सच्ची श्रद्धा और विश्वास का महत्व समझाया। कथा के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए और पूरे वातावरण में भक्ति रस की अनुभूति हुई। सात दिनों तक चले इस आयोजन में भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रवचनों ने सभी को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया।
समिति के आकाश पटेल, गोपाल चौहान, दिलीप मौर्य, गोपाल गोयल एवं रूपेश सोलंकी ने सातों दिन कथा में पधारने वाले श्रद्धालुओं एवं मुख्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि आयोजन के सफल समापन पर सभी सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। इस धार्मिक आयोजन ने क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हुए समाज को एकजुट करने का कार्य किया। कथा के समापन अवसर पर महाप्रसाद (भंडारा) का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहा और प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए उपस्थित हुए।
