सदगुरु अण्णा महाराज सहित अनेक अतिथि पहुंचे
धर्म और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ‘सबके राम’ जैसे अनुष्ठान
निरंतर और अलग-अलग क्षेत्रों में होना चाहिए – सांसद लालवानी

इंदौर सनातन धर्म हमारे देश में बहुत पहले से चला आ रहा है। आज पूरे विश्व में भारत जिस तेजी से उभरकर आ रहा है, उसके पीछे इस सनातन धर्म और हमारे ऋषि-मुनियों एवं देवी-देवताओं की शक्ति ही है। यहां इतनी सुंदर व्यवस्थाएं देखकर मन प्रसन्न हो रहा है। धर्म और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ‘सबके राम’ जैसे अनुष्ठान निरंतर और अलग-अलग क्षेत्रों में होना चाहिए। शहर के सनातनी लोगों को ऐसे दिव्य आयोजनों से जुड़कर पुण्य लाभ जरूर उठाना चाहिए।
सांसद शंकर लालवानी ने शुक्रवार को दशहरा मैदान स्थित अवध लोक में चल रहे ‘सबके राम’ अनुष्ठान में पहुंचकर सबसे पहले यहां निर्मित वृन्दावन के प्रेम मंदिर की प्रतिकृति में राम दरबार की आरती में शामिल होकर पूजा-अर्चना की। सदगुरु श्री अण्णा महाराज ने भी ‘सबके राम’ अनुष्ठान को प्रासंगिक और नई पीढ़ी के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को चैतन्य और ऊर्जावान बनाते हैं। प्रारंभ में सबके राम लोक कल्याण समिति के संयोजक महेन्द्रसिंह चौहान एवं श्रीमती प्रवीणा पंकज अग्निहोत्री ने उनकी अगवानी की। संघ से जुड़े वीरेन्द्र गोयल एवं सामाजिक समरसता के किरण जोशी सहित अन्य अतिथियों ने भी कहा कि ‘सबके राम’ जैसे आयोजन हमारी नई पीढ़ी को संस्कार और चेतना देने मे मददगार साबित होंगे। एक ही परिसर में प्रेम मंदिर और लक्ष्मीनारायण महायज्ञ जैसे आयोजन धर्म प्रेमी नागरिकों के लिए ही किए गए हैं, इनका पुण्य लाभ लोगों को जरूर उठाना चाहिए। इसके पूर्व सुबह शहर के योगाचार्यों के निर्देशन में योग क्रियाओं का प्रदर्शन भी किया गया और यज्ञशाला में पं. ब्रजेश व्यास और पं. अगस्त्य व्यास के आचार्यत्व में लक्ष्मीनारायण महायज्ञ में भी सैकड़ों भक्तों ने आहुतियाँ समर्पित की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने दी शानदार प्रस्तुतियां – इस अवसर पर संध्या को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में पहले दिन विद्यांजलि स्कूल एवं देवी अहिल्या स्कूल के बच्चों ने योग एवं भारतीय संस्कृति से प्रेरित एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां देकर हजारों दर्शकों को मंत्रमुग्ध बनाए रखा। शुक्रवार को अनुभूति विजन सेवा संस्थान के दिव्यांग बच्चों, माँ कमला विद्या विहार के विद्यार्थियों तथा सुश्री दीप्ति शर्मा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षित बच्चों ने अपनी-अपनी शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध बनाए रखा। “अवध लोक” पर प्रतिदिन रात 8 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम हो रहे हैं। यहाँ खुले मैदान में आकर्षक विद्युत सज्जा के बीच रंगारंग मंच पर सभी प्रस्तुतियां होंगी। दर्शकों के लिए पर्याप्त बैठक व्यवस्था रखी गई है। इसके पूर्व शाम 7.30 बजे प्रेम मंदिर में महाआरती का आयोजन प्रतिदिन होगा जिसमें शहर के प्रमुख संत, विद्वान, महामंडलेश्वर, राजनेता एवं अन्य विशिष्टजन तथा विभिन्न समाजों के पदाधिकारी शामिल होंगे। शनिवार को रात 8 बजे से जवाहर व्यायामशाला रतलाम के अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त खिलाडी मलखम्ब का हैरतअंगेज कर देने वाला प्रदर्शन करेंगे।
पहली बार पूर्वोत्तर भारत के हस्तशिल्प कलाकार आए – दशहरा मैदान पर चल रहे मेले में पहली बार पूर्वोत्तर भारत के हस्तशिल्प कलाकार और महिला उद्यमी भी अपने आकर्षक उत्पाद लेकर आए हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए चकरी, झूले, कई तरह के आकर्षक खिलौने, आइसक्रीम, पानी-पुरी एवं अन्य व्यंजनों के स्टाल्स भी लगाए गए हैं। पहले दिन ही इन स्टाल्स पर ग्राहकों और दर्शकों का हुजूम उमड़ता रहा।
आज के कार्यक्रम – दशहरा मैदान पर चल रहे सबके राम महोत्सव में सुबह 6 से 8 बजे तक योगासन, 8 से 9 बजे तक गौपूजन, 9 से 11 बजे तक लक्ष्मीनारायण महायज्ञ, दोपहर में 2 बजे से रात 11 बजे तक मेला, शाम 5 से 7 बजे तक प्रतिदिन भारतीय चिकित्सा पद्धति पंचकर्म से निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, 6 बजे रामधुन, 7 बजे आरती, 8 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। शनिवार 21 मार्च को रात 8 बजे से जवाहर व्यायामशाला रतलाम के अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त खिलाडी मलखम्ब का हैरतअंगेज कर देने वाला प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव में 27 मार्च तक अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। अब तक तय हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में 22 मार्च को शास्त्रीय संगीत, 23 मार्च को शहीद दिवस पर राष्ट्र भक्ति से प्रेरित संघ गीत, 24 मार्च को करीब 20 स्कूलों के बच्चे सुगम संगीत एवं गायन स्पर्धा में शामिल होकर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 25 मार्च को नृत्य नाटिका, 26 को राम अर्चना और 27 मार्च को रामायण पर आधारित नृत्य नाटिका का आयोजन होगा जिसमें 5 वर्ष से 55 वर्ष आयु तक के प्रतिभागी भाग लेंगे।
