प्रेम मंदिर की प्रतिकृति में दर्शन, पूजन एवं आरती में उमड़ रहा राम भक्तों का मेला – अभिनेता आशुतोष राणा सहित अनेक हस्तियाँ पहुंची

इंदौर दशहरा मैदान स्थित ‘अवध लोक’ पर चल रहे ‘सबके राम’ महोत्सव में सुबह से देर रात तक राम भक्तों का मेला जुट रहा है। देश के पूर्वोत्तर भारत एवं दक्षिणी राज्यों की संस्कृतियां यहां एकाकार हो रही है। गत 19 मार्च से चल रहे लक्ष्मीनारायण महायज्ञ में आहुतियों का सिलसिला जारी है। मेले में शामिल होने के लिए जहां अनेक दक्षिण भारतीय परिवार आ रहे हैं, वहीं मेले में स्थापित वृन्दावन के प्रेम मंदिर की प्रतिकृति में आरती एवं दर्शन के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। सुबह निशुल्क योग शिविर के साथ ही संध्या को निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में भी सैकड़ों लोग लाभांवित हो रहे हैं। मेला स्थल पर लगे विभिन्न स्टाल्स पर भी परंपरागत व्यंजनों की मांग दिनोंदिन बढ़ रही है। रविवार को भी ‘अवध लोक’ में भक्तों का मेला देर रात तक जुटा रहा। शनिवार रात रतलाम के युवाओं एवं युवतियों ने मलखम्ब का अनूठा प्रदर्शन कर सबको आश्चर्यचकित बनाए रखा।
‘सबके राम’ लोक कल्याण समिति के संयोजक महेन्द्रसिंह चौहान एवं श्रीमती प्रवीणा अग्निहोत्री ने बताया कि फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा ने भी शनिवार रात दशहरा मैदान पहुंचकर प्रेम मंदिर की प्रतिकृति को बहुत दिलचस्पी के साथ निहारा और कलाकारों की खुले मन से सराहना की। उन्होंने मंदिर में स्थापित राम दरबार की महाआरती में भी तन्मयता से भाग लिया। इस अवसर पर सदगुरु अण्णा महाराज के सानिध्य में पूर्व विधायक जीतू जिराती, पत्रकार उज्जवल शुक्ला (जबलपुर), भाजपा की नगर मंत्री स्वाति काशिद, अर्चना करणावत, पूर्व पार्षद निलेश चौधरी, महेश दा एवं ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों सहित अनेक जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। उधर, यज्ञशाला की परिक्रमा करने वालों में अनेक दिव्यांग और दृष्टिहीन और मूकबधिर श्रद्धालु भी शामिल हो रहे हैं। अब तक यहां 16 हजार 108 के लक्ष्य के मुकाबले 7 हजार से अधिक आहुतियां संपन्न हो चुकी हैं। रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में शनिवार रात को रतलाम की जवाहर व्यायामशाला के युवाओं एवं युवतियों ने मलखम्ब के माध्यम से एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज करतब दिखाकर हजारों दर्शकों को मंत्रमुग्ध बनाए रखा। उनके करतब देखकर समूचा दशहरा मैदान बार-बार तालियों की गडगडाहट से गूंजता रहा।
महोत्सव की शुरुआत सुबह निशुल्क योग की कक्षाओं से हो रही है। प्रतिदिन करीब 300 साधक यहां आकर योग एवं ध्यान की विभिन्न क्रियाओं का निशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। सभी आयु के साधक इस योग शिविर का लाभ ले रहे हैं, वहीं संध्या को यहां देशी चिकित्सा पद्धति से निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन भी चल रहा है, जिसमें आज भी 100 से अधिक मरीजों ने लाभ उठाया। यह शिविर 26 मार्च तक जारी रहेगा। महोत्सव में लगे स्टाल्स पर उत्तर एवं दक्षिण भारत के लोकप्रिय व्यंजन भी खूब पसंद किए जा रहे हैं। बिहार का लिट्टी चोखा, महाराष्ट्र की पूरण पोली और अलीराजपुर झाबुआ के दाल पानिए सहित अनेक व्यंजन हैं जो शहर के स्वाद प्रेमियों को आकर्षित बनाए हुए हैं। बच्चों के लिए इस महोत्सव में चकरी, झूले के अलावा आईस्क्रीम, कुल्फी, बर्फ के रंग-बिरंगे लड्डू भी पसंद आ रहे हैं। आयोजन समिति की ओर से महेन्द्रसिंह चौहान, प्रवीणा अग्निहोत्री ने उनका स्वागत किया।
आज के कार्यक्रम – दशहरा मैदान पर चल रहे सबके राम महोत्सव में प्रतिदिन सुबह 6 से 8 बजे तक योगासन, 8 से 9 बजे तक गौपूजन, 9 से 11 बजे तक लक्ष्मीनारायण महायज्ञ, दोपहर में 2 बजे से रात 11 बजे तक मेला, शाम 5 से 7 बजे तक प्रतिदिन भारतीय चिकित्सा पद्धति पंचकर्म से निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, 6 बजे रामधुन, 7 बजे आरती, 8 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। महोत्सव में 27 मार्च तक अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में सोमवार 23 मार्च को शहीद दिवस पर राष्ट्र भक्ति से प्रेरित संघ गीत, 24 मार्च को करीब 20 स्कूलों के बच्चे सुगम संगीत एवं गायन स्पर्धा में शामिल होकर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 25 मार्च को नृत्य नाटिका, 26 को राम अर्चना और 27 मार्च को रामायण पर आधारित नृत्य नाटिका का आयोजन होगा जिसमें 5 वर्ष से 55 वर्ष आयु तक के प्रतिभागी भाग लेंगे।
