श्री अग्रवाल महासभा की मेजबानी में गाँधी हॉल में 28 से शुरू होगा तीन दिवसीय आयोजन – अब तक 1012 प्रविष्ठियां

इंदौर श्री अग्रवाल महासभा की मेजबानी में आगामी 28 से 30 मार्च तक गाँधी हॉल परिसर में समाजसेवी मिश्रीलाल गोयल की स्मृति में आयोजित अ.भा. युवक-युवती परिचय सम्मेलन के लिए न्यूजीलैंड, अमेरिका और ब्रिटेन सहित विदेशों से भी प्रत्याशियों की प्रविष्ठियां प्राप्त हो रही हैं इनमें 60 लाख पैकेज वाले उच्च शिक्षित और बहुराष्ट्रीय कम्पनियों में कार्यरत प्रत्याशी भी शामिल हैं। सम्मेलन के लिए अब तक 1012 प्रविष्ठियां मिल चुकी हैं जिनमें 645 युवक एवं 332 युवतियां तथा विशिष्ठ श्रेणी के 35 प्रत्याशी शामिल हैं। सम्मेलन की सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने हेतु रविवार को यशवंत निवास रोड स्थित महासभा के कार्यालय पर आयोजित बैठक में अनेक निर्णय लिए गए।
महासभा के समन्वयक संतोष गोयल, अध्यक्ष डॉ. सतीश गोयल, महामंत्री अजय बंसल, मनीष जैन ने बताया कि अग्रवाल समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए निशुल्क परिचय सम्मेलन आयोजित करने का यह 33वां वर्ष है। इस बार भी सम्मेलन के लिए 2 हजार से अधिक प्रविष्ठियां प्राप्त होने की उम्मीद है। रविवार को महासभा के कार्यालय पर अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के पूर्व अध्यक्ष गोविन्द सिंघल के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई बैठक में रमेश तायल, श्याम गोयल, विनोद अग्रवाल जावरा, नवीन गोयल, राजकुमार गोयल एवं मातृशक्ति की ओर से श्रीमती उर्मिला गोयल, पुष्पा गुप्ता, पिंकी अग्रवाल, इंदु अग्रवाल एवं निधि अग्रवाल ने विभिन्न व्यवस्थाओं पर विचार मंथन किया।
परिचय सम्मेलन में आने वाले प्रत्याशियों एवं अभिभावकों की सुविधा के लिए सम्मेलन स्थल पर तीनों दिन रियायती मूल्य पर सात्विक भोजन, स्वल्पाहार, चाय, शीतल पेयजल सहित अन्य सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। सम्मेलन में सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों पर भी संकल्प दिलाए जाएँगे। अब तक प्राप्त सभी प्रविष्ठियों का बहुरंगी परिचय पुस्तिका में सचित्र प्रकाशन का काम नवीन गोयल के मार्गदर्शन में प्रारंभ हो चुका है। इसी तरह मंच संचालन, कुंडली मिलान, पूछताछ कार्यालय, परिचय पुस्तिका वितरण एवं सम्मेलन की अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा चुका है।
