इंदौर
लसूड़िया थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती के बाद एक महिला के साथ विश्वासघात और दरिंदगी का मामला सामने आया है। पति से विवाद के बाद मायके छोड़ने का झांसा देकर एक युवक महिला और उसके बच्चों को अपने साथ ले गया, लेकिन मदद के बजाय उसने महिला को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। लसूड़िया पुलिस के मुताबिक, ३४ वर्षीय पीड़िता की शिकायत पर आरोपी विनय कुमार पिता शिवजी भगत निवासी बनवारीपुर, बिहार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पीड़िता की दोस्ती कुछ समय पहले फेसबुक के माध्यम से आरोपी विनय कुमार से हुई थी। पीड़िता का अपने पति से विवाद चल रहा था, जिसका फायदा उठाकर विनय ने उसे अपने झांसे में ले लिया। उसने पीड़िता से वादा किया कि वह उसे और उसके बच्चों को अपना लेगा और फिलहाल उसे सुरक्षित उसके मायके छोड़ देगा। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह विनय के बहकावे में आकर उसके साथ चली गई थी। लेकिन विनय उसे मायके ले जाने के बजाय अलग-अलग होटलों में ले गया। वहां उसने महिला और उसके मासूम बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। डरी-सहमी महिला के साथ आरोपी ने कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए और विरोध करने पर उसके साथ बर्बरता से मारपीट भी की।किसी तरह आरोपी के चंगुल से बचकर पीड़िता ने थाने पहुँचकर आपबीती सुनाई।जिसके बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
