
इंदौर बंगाली चौराहा के पास स्थित चौहान नगर कॉलोनी में पुष्पा पिसोलकर पारमार्थिक फाउंडेशन की ओर से निशुल्क शैक्षणिक संस्था का शुभारम्भ विहिप इंदौर विभाग की सहसंयोजक श्रीमती ज्योति प्रतीक श्रीवास्तव ने किया। संस्था के प्रमुख आर के काबरा, अंजना गौरानी एवं अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि श्रीमती श्रीवास्तव के साथ राम दरबार के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर श्रीमती श्रीवास्तव ने कहा कि बच्चों को सनातन धर्म की शिक्षा और हमारी संस्कृति से रूबरू कराने का यह निष्काम व्रत अनुकरणीय और वन्दनीय है। बच्चों को निशुल्क शिक्षा देने से बड़ा और कोई दान नहीं हो सकता। हमारे बच्चे राम-सीता, लक्ष्मण और हनुमान जैसे चरित्रवान और ऊर्जावान बनें, यही हमारा प्रयास होना चाहिए। इस मौके पर बच्चों को कॉपी, पेन, पुस्तकें एवं टॉफ़ी जैसे उपहारों का वितरण अश्विनी देखणे एवं अनिल गौरानी ने किया। फाउंडेशन के एस एन काबरा ने प्रारम्भ में फाउंडेशन के सेवा कार्यों और इस शिक्षा केंद्र की जानकारी भी दी। राम दरबार की पूजा-अर्चना और आराधना के साथ समापन हुआ। संस्थापक आर के काबरा ने संकल्प व्यक्त किया कि वे पूरे शहर में उपयुक्त स्थानों पर निशुल्क शिक्षा केंद्र संचालित करेंगे।
