इंदौर तुकोगंज थाना क्षेत्र में गुंडागर्दी और अवैध वसूली का मामला सामने आया है। एक कार वॉश संचालक द्वारा हफ्ता देने से इनकार करने पर तीन बदमाशों ने दुकान में घुसकर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, लाला का बगीचा निवासी प्रतीक निहोरे अपनी कार वॉश की दुकान पर काम कर रहा था। इसी दौरान आरोपी ऋषि ममरोट अपने दो साथियों यश यादव और मोनू के साथ वहां पहुँचा। आरोपियों ने प्रतीक पर धौंस जमाते हुए कहा कि अगर उसे यहां शांति से दुकान चलानी है, तो उन्हें नियमित रूप से रुपये देने होंगे।जब फरियादी प्रतीक ने रुपये देने से साफ मना कर दिया, तो तीनों आरोपी गाली-गलौज पर उतर आए। विवाद बढऩे पर आरोपियों ने प्रतीक के साथ हाथ-थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। हमले में प्रतीक की कमर में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से भाग निकले, लेकिन जाते-जाते धमकी दे गए कि अगर अगली बार पैसे नहीं मिले, तो जान से खत्म कर देंगे।तुकोगंज पुलिस ने पीडि़त प्रतीक की शिकायत पर आरोपी ऋषि, यश और मोनू के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है।
