इंदौर विजयनगर थाना क्षेत्र में एक महिला कर्मचारी के साथ उसकी ही कंपनी के मैनेजर द्वारा छेडख़ानी और धमकाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी मैनेजर महिला के घर में बिना अनुमति घुसा और उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने अपनी पहुँच का हवाला देते हुए पीडि़ता को नौकरी से निकलवाने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, 30 वर्षीय पीडि़ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी कंपनी का मैनेजर हिमांशु दुबे अचानक उसके घर पहुँचा। पीडि़ता ने बताया कि कुछ देर सामान्य बातचीत करने के बाद हिमांशु की नीयत बदल गई। उसने गलत इरादे से पीडि़ता को छुआ और उसके साथ अश्लील हरकत करते हुए जबरदस्ती करने का प्रयास किया।पीडि़ता ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी का कड़ा विरोध किया और शोर मचाना शुरू कर दिया।घबराकर आरोपी हिमांशु ने उसे धक्का दिया और मौके से फरार हो गया। पीडि़ता का आरोप है कि जब उसने इस व्यवहार की शिकायत कंपनी में करने की बात कही, तो आरोपी ने उसे धमकाया।पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी हिमांशु ने रौब झाड़ते हुए कहा कि वह लंबे समय से कंपनी में बड़े पद पर कार्यरत है और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। उसने पीडि़ता को चेतावनी दी कि अगर उसने शोर मचाया या शिकायत की, तो वह उसे तुरंत नौकरी से निकलवा देगा।
