इंदौर सहित प्रमुख जिलों में 29 मार्च को आयोजित होंगे परिचय सम्मेलन – अब तक 2 हजार प्रविष्ठियां प्राप्त – अनूठा प्रयोग
इंदौर समाज बंधुओ एवं विवाह योग्य युवक- युवतियों के पालकों के समय एवं धन की बचत के उद्देश्य से श्री सनाढ्य ब्राह्मण सभा ने इस वर्ष भी विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए परिचय सम्मेलन का आयोजन राज्य के सभी प्रमुख समाज बाहुल्य जिलों में एक ही दिन, एक ही समय एवं एक ही परिचय पुस्तिका के आधार पर कराने का निर्णय लिया है। इंदौर में यह परिचय सम्मेलन रविवार 29 मार्च को सुबह 10 बजे से राजीव गांधी चौराहा स्थित शुभकारज गार्डन पर होगा। उम्मीद है कि इसमें करीब 2 हजार प्रत्याशी शामिल होंगे। परिचय सम्मेलन के साथ समाज का स्नेह सम्मेलन भी इसी अवसर पर होगा।
श्री सनाढ्य ब्राह्मण सभा इंदौर परिचय सम्मेलन के अध्यक्ष पं. पप्पू शर्मा, सनाढ्य ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष पं. देवेंद्र शर्मा, पं. भगवती शर्मा, पं. अनिल शर्मा, पं. संजय जारोलिया एवं पं. दीपक शर्मा ने बताया कि इस परिचय सम्मेलन के लिए अब तक 2 हजार से अधिक उच्च शिक्षित युवक-युवती प्रत्याशियों की प्रविष्ठियां प्राप्त हो चुकी हैं जिनमें अधिकांश डॉक्टर, इंजीनियर, एनआरआई, सीए तथा विदेशों में बहुराष्ट्रीय कम्पनियों में उच्च पैकेज पर कार्यरत प्रत्याशी शामिल हैं। गत वर्ष हुए सम्मेलन में करीब 200 रिश्ते हुए थे। इस बार भी इंदौर के साथ भोपाल और देवास सहित अन्य बड़े शहरों में परिचय सम्मेलन एक ही दिन अर्थात 29 मार्च को एक ही समय और एक ही परिचय पुस्तिका के आधार पर आयोजित करने की तैयारियां की जा रही हैं। गत वर्ष भी समाज स्तर पर किया गया यह प्रयोग काफी सार्थक एवं उपयोगी रहा है।
इंदौर में होने वाले इस सम्मेलन की तैयारियां अंतिम दौर में पहुँच गई हैं। देश-विदेश से प्रविष्ठियां मिलने का सिलसिला जारी है। सनाढ्य सभा के तत्वावधान में विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया है। इसके लिए प्रतिदिन सभा की नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं। अनुमान है कि इंदौर सम्मेलन में 5 हजार से अधिक समाजबंधु आएंगे। समाजबंधु सभा के 65 चंद्रभागा जूनी इंदौर स्थित प्रधान कार्यालय एवं मोबाइल नंबर 98260-15889, 98260-12691 एवं 90397-36765 पर सम्पर्क कर विस्तृत जानकारी एवं अन्य विवरण प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर सभी जिलों के लिए बहुरंगी परिचय पुस्तिका का प्रकाशन भी किया जा रहा है, जिसमें प्रत्याशियों के सचित्र विवरण दर्ज किए जा रहे हैं। गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी ऑनलाइन प्रविष्टियां भी ली जा रही हैं। इसके लिए समाज की वेबसाइट भी बनाई गई है। इसके अलावा परिचय सम्मेलन में आने वाले पालकों एवं प्रत्याशियों के लिए स्पॉट पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
