16 वर्षीय बालक राज ने रबर बॉय के रूप में दी हैरतअंगेज प्रस्तुतियां

इंदौर
दशहरा मैदान स्थित ‘अवध लोक’ पर चल रहे सबके राम महोत्सव में पूर्वोत्तर भारत एवं देश के अन्य राज्यों से आए हस्तशिल्प एवं महिला उद्यमियों द्वारा निर्मित कलाकृतियाँ आम दर्शकों के साथ मेहमानों को भी खूब पसंद आ रही हैं। मेले में लगे स्टाल्स पर प्रतिदिन संध्या को ग्राहकों का सैलाब दिनोंदिन बढ़ रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में बीती रात करीब 20 स्कूलों के बच्चों ने सुगम संगीत की प्रस्तुतियां देकर राष्ट्रभक्ति का ऐसा जज्बा कायम किया कि हर कोई सम्मोहित बना रहा। महोत्सव में गुरुवार को दोपहर 12 बजे रामनवमी की पूर्व बेला में रामलला को पालने में झुलाया जाएगा। वृन्दावन के प्रेम मंदिर की प्रतिकृति में आरती करने के लिए प्रतिदिन भक्तों का सैलाब उमड़ रहा है। विधायक गोलू शुक्ला सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों ने प्रेम मंदिर पहुंचकर आरती एवं पूजा अर्चना की।
सबके राम लोक कल्याण समिति के संयोजक महेन्द्रसिंह चौहान एवं श्रीमती प्रवीणा अग्निहोत्री ने बताया कि महोत्सव में बुधवार की शाम को पूर्वोत्तर से आए हस्तशिल्पियों की कलाकृतियों के मुरीदों का मेला जुटा रहा। पूर्वोत्तर के ये कलाकार अपने साथ अनेक ऐसी अनूठी कलाकृतियाँ लेकर आए हैं, जो शायद इसके पहले कभी इंदौर में देखने को नहीं मिली। लकड़ी, चीनी, प्लास्टिक, पेड़ों के तने एवं छालों तथा अन्य वस्तुओं से निर्मित इन कलाकृतियों को खूब सराहा जा रहा है। इनके अलावा कारपेट एवं जूट, गत्ते एवं धागों से निर्मित गृह उपयोगी वस्तुएं भी यहाँ पसंद की जा रही हैं। पूर्वोत्तर के करीब 10 उद्यमी और महिला कलाकार अपने साथ ऐसी ढेरों कलाकृतियाँ लेकर आए हैं जिन्हें खूब पसंद किया जा रहा है। शाम को प्रेम मंदिर की प्रतिकृति में विधायक गोलू शुक्ला भी आए और उन्होंने भी राऊ नगर परिषद के अध्यक्ष शिव डिन्गू, करणी सेना के अनुराग प्रताप सिंह, रौनक ठाकुर, ऋषि राज सिंह सिसोदिया, परशुराम के अनूप शुक्ला, दीपक शुक्ला, पप्पी शर्मा, धीरज मैथिल, पल्लव बोनलिया, विशाल विक्की मालवीय, अन्नपूर्णा के थाना प्रभारी हरीश उत्पल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों के साथ राम दरबार की आरती एवं पूजा अर्चना की। रमन योगा थेरेपी के प्रतिभाशाली बच्चों ने भी योग से जुडी अपनी प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। ये सभी बच्चे अस्मियता, खेलो इंडिया, योगा नेशनल्स एवं अन्य प्रदेश स्तरीय स्पर्धाओं में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर अनेक पदक जीत चुके हैं। बीती रात एशियाई चैंपियन राज राजोले ने भी योग की अद्भुत योग प्रस्तुतियां देकर सबके हैरत में डाल दिया। 16 वर्ष की उम्र में इस बालक ने देश के सबसे युवा योगा मास्टर का ख़िताब तो हासिल किया ही, गोल्डन बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी अपना नाम रबर बॉय के रूप में दर्ज कराया है। राज ने 8 वर्ष की उम्र में 300 विदेशियों को योग सिखाने का कीर्तिमान भी बनाया है। मंगलवार रात को राज के हैरतअंगेज करतब जिसने भी देखे स्तब्ध रह गए। उनके अलावा नन्हे मुन्ने बचों ने भी अनेक नृत्य प्रस्तुतियां देकर हजारों दर्शकों को बांधे रखा। मेला स्थल पर सुबह से लेकर शाम तक विभिन्न कार्यक्रमों की धूम मची रही।
उन्होंने बताया कि सुबह योग, गौपूजन, लक्ष्मीनारायण महायज्ञ में वेद की ऋचाओं और विभिन्न मंत्रों एवं श्लोकों की मंगल ध्वनि से समूचा अवध लोक गुंजायमान बना रहा। दोपहर में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर और शाम को रामधुन एवं राम दरबार की महाआरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पुण्य लाभ उठाया। महाआरती में अनेक विशिष्ट लोगों ने भाग लिया। राम दरबार के दर्शन-पूजन एवं आरती करने के लिए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ एवं विश्व हिन्दू परिषद के इंदौर-उज्जैन प्रभाग के अनेक पदाधिकारी भी शामिल हुए। महायज्ञ, परिक्रमा एवं प्रेम मंदिर में दर्शन-पूजन करने के लिए अनेक दिव्यांग बच्चे भी शामिल हुए। इन बच्चों ने मेला स्थल का भी अवलोकन किया और अपनी पसंद के व्यंजनों का भी जी भरकर लुत्फ उठाया। धार्मिक साहित्य की दुकानें भी आकर्षक का केंद्र बनी हुई हैं। सेल्फी पॉइंट युवाओं को लुभा रहे हैं।
आज के कार्यक्रम – दशहरा मैदान पर चल रहे सबके राम महोत्सव में प्रतिदिन सुबह 6 से 8 बजे तक योगासन, 8 से 9 बजे तक गौपूजन, 9 से 11 बजे तक लक्ष्मीनारायण महायज्ञ, दोपहर में 2 बजे से रात 11 बजे तक मेला, शाम 5 से 7 बजे तक प्रतिदिन भारतीय चिकित्सा पद्धति पंचकर्म से निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, 6 बजे रामधुन, 7 बजे आरती, 8 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। महोत्सव में 27 मार्च तक अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में 26 को राम अर्चना और दोपहर में रामलला को पालने में झुलाने और 27 मार्च को रामायण पर आधारित नृत्य नाटिका का आयोजन होगा जिसमें 5 वर्ष से 55 वर्ष आयु तक के प्रतिभागी भाग लेंगे।
