संघ, विहिप एवं बजरंग दल के पदाधिकारी भी आएंगे, महायज्ञ की पूर्णाहुति भी–नृत्य नाटिका में शामिल होंगे 5 से 55 वर्ष के कलाकार

इंदौर
दशहरा मैदान स्थित ‘अवध लोक’ पर चल रहे श्रीराम जन्मोत्सव में शुक्रवार 27 मार्च को दोपहर 12 बजे प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद, आरएसएस, बजरंग दल के सभी विभाग एवं प्रांत के पदाधिकारियों के साथ सनातन धर्म से जुड़े विभिन्न 21 समाजों के प्रतिनिधि मिलकर वृन्दावन के प्रेम मंदिर की प्रतिकृति में स्थापित राम दरबार में महाआरती करेंगे। गुरुवार को महोत्सव में संपन्न हुई महाआरती में अनेक दिव्यांग भी शामिल हुए, वहीं राजनेताओं एवं विशिष्ट अतिथियों के आगमन का क्रम भी जारी है। यज्ञशाला की परिक्रमा करने के लिए भी भक्तों का सैलाब लगातार बना हुआ है। लक्ष्मीनारायण महायज्ञ में 16 हजार 108 के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 15 हजार आहुतियां संपन्न हो चुकी हैं। चैत्र नवरात्रि के उपलक्ष्य में आयोजित इस महोत्सव का शुक्रवार की शाम को समापन होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में बीती रात पूर्वा पांडे की नृत्य नाटिका ने हजारों दर्शकों का मन मोह लिया।
सबके राम लोक कल्याण समिति के संयोजक महेन्द्रसिंह चौहान एवं श्रीमती प्रवीणा अग्निहोत्री ने बताया कि महोत्सव में चल रहे लक्ष्मीनारायण महायज्ञ में आचार्य पं. अगस्त्य व्यास एवं अन्य विद्वानों द्वारा वेद की ऋचाओं और विभिन्न मंत्रों एवं श्लोकों की मंगल ध्वनि से समूचा अवध लोक गुंजायमान हो रहा है। गुरुवार को इस दिव्य अनुष्ठान में महायज्ञ, परिक्रमा एवं प्रेम मंदिर में दर्शन-पूजन करने के लिए अनेक दिव्यांग बच्चे भी शामिल हुए। इन बच्चों ने मेला स्थल का भी अवलोकन किया और अपनी पसंद के व्यंजनों का भी जी भरकर लुत्फ उठाया। प्रेम मंदिर में पंचकुइया राम मंदिर के महामंडलेश्वर स्वामी रामगोपाल दास महाराज, वीर अलीजा सरकार हनुमान मंदिर के गादीपति स्वामी पवनानन्द ब्रह्मचारी, विधायक मालिनी गौड़ ने भी पूजा अर्चना कर आरती में भाग लिया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सुसज्जित मंच से प्रस्तुतियां दे रहीं पूर्वा पांडे सहित अन्य कलाकारों से भी मुलाकात कर उनका सम्मान किया। पूर्वा पांडे ने कत्थक नृत्य की प्रस्तुतियां देते हुए गणेश वन्दना, दशावतार और अन्य धार्मिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। सबके राम लोक कल्याण समिति की ओर से सभी कलाकारों का सम्मान कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। दशहरा मैदान पर निर्मित वृन्दावन के प्रेम मंदिर की प्रतिकृति में राम दरबार के दर्शन-पूजन एवं आरती करने के लिए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के इंदौर-उज्जैन प्रभाग के प्रमुख पदाधिकारियों सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों ने मेले की गतिविधियों का भी अवलोकन किया। इसके पूर्व सुबह योग शिविर में 300 से अधिक साधकों ने योग के विभिन्न सूत्रों का प्रशिक्षण प्राप्त किया, वहीं संध्या को निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें 200 से अधिक लोगों ने आकर निशुल्क परीक्षण कराया।
शुक्रवार को इस महोत्सव का मुख्य दिवस होगा, जब रामनवमी के उपलक्ष्य में दोपहर 12 बजे प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव की महाआरती में संघ, विहिप, बजरंगदल के विभिन्न पदाधिकारियों सहित सनातन धर्म से जुड़े 21 समाजों के प्रतिनिधि मिलकर प्रेम मंदिर में राम दरबार की महाआरती करेंगे। इस मौके पर विभिन्न संगठनों की ओर से रंगारंग आतिशबाजी, दीपमालिका और रंगोली सहित विभिन्न आयोजन भी किए जाएंगे। शुक्रवार रात को प्रभु श्रीराम के जीवन चरित्र पर आधारित नृत्य नाटिका का आयोजन होगा, जिसमें 5 वर्ष से 55 वर्ष आयु तक के प्रतिभागी भाग लेकर राम भक्ति एवं राष्ट्र भक्ति पर आधारित मनोहारी प्रस्तुतियां देंगे।
आज के कार्यक्रम – दशहरा मैदान पर चल रहे सबके राम महोत्सव में शुक्रवार को समापन दिवस पर सुबह 6 से 8 बजे तक योगासन, 8 से 9 बजे तक गौपूजन, 9 से 11 बजे तक लक्ष्मीनारायण महायज्ञ की पूर्णाहुति, दोपहर में 2 बजे से रात 11 बजे तक मेला, शाम 5 से 7 बजे तक भारतीय चिकित्सा पद्धति पंचकर्म से निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, 6 बजे रामधुन, 7 बजे आरती, 8 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में 27 मार्च को रामायण पर आधारित नृत्य नाटिका का आयोजन होगा जिसमें 5 वर्ष से 55 वर्ष आयु तक के प्रतिभागी भाग लेंगे। सम्पूर्ण मेला स्थल पर 250 सुरक्षा गार्ड एवं क्लोज सर्किट टीवी लगाए गए हैं। अब तक प्रतिदिन दो बार मेला स्थल की सफाई का सिलसिला भी नियमित जारी रहा। पुलिस चौकी, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, डाक्टर्स की टीम, पेयजल आदि की समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं।
