इंदौर क्राइम ब्रांच ने ऑपरेशन फेस के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी सिम कार्ड सक्रिय करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने दूरसंचार कंपनियों के लक्ष्य पूरे कर अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि पाने के लालच में अपने ही फोटो का उपयोग कर करीब 84 सिम कार्ड फर्जी तरीके से चालू किए थे। पुलिस के अनुसार, राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत एक ही व्यक्ति के चेहरे का उपयोग कर सिम सक्रिय करने वालों की पहचान की जा रही थी। जांच के दौरान इंदौर से जुड़े तीन संदिग्ध चेहरों की पहचान की गई, जिनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी विपिन मगरदे निवासी बैतूल को चिन्हित कर पकड़ा। जांच में सामने आया कि उसने वोडाफोन आइडिया, एयरटेल और बीएसएनएल कंपनियों के सिम कार्ड फर्जी तरीके से सक्रिय किए। आरोपी विभिन्न व्यक्तियों के आधार कार्ड का दुरुपयोग कर सिम चालू करता था और विक्रय बिंदु एजेंट के रूप में अपनी बहन व मित्र के नाम का उपयोग करता था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लक्ष्य पूरा होने के बाद वह सिम कार्ड निष्क्रिय कर देता था, जिससे कंपनियों से मिलने वाली अतिरिक्त राशि प्राप्त कर सके। अपराध शाखा ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
