
इंदौर मनोरमागंज स्थित गीता भवन में हनुमान प्राकट्य महोत्सव में गुरुवार को सुबह जगदगुरू रामानंदाचार्य, श्रीमठ काशी पीठाधीश्वर स्वामी रामनरेशाचार्य महाराज के सानिध्य में जन्मोत्सव आरती का दिव्य आयोजन सौल्लास संपन्न हुआ। इस अवसर पर जगदगुरू स्वामी रामनरेशाचार्यजी के उत्तराधिकारी राघवदास महाराज ने हनुमानजी का पुष्प एवं सिंदूर से मनोहारी श्रृंगार किया। प्रारंभ में गीता भवन ट्रस्ट के अध्यक्ष राम ऐरन, रामविलास राठी, प्रेमचंद गोयल, मनोहर बाहेती, महेशचंद्र शास्त्री, दिनेश मित्तल, टीकमचंद गर्ग, हरीश माहेश्वरी, संजीव कोहली, विष्णु बिंदल, संजय मंगल, तुलसी मनवानी आदि ने पूजा एवं अभिषेक में भाग लिया। अलसुबह हनुमान मंदिर में रामनरेशाचार्यजी एवं स्वामी राघवदास महाराज के साथ सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हनुमानजी के अभिषेक एवं महाआरती में भाग लिया। स्वामी राघवदास महाराज ने भक्तों को प्रसाद एवं दक्षिणा भेंट की। भक्तों ने भजनों पर नाचते-गाते हुए अपनी खुशियां व्यक्त की। महाभिषेक एवं महाआरती में दूर-दूर से आए भक्तों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। इसके पूर्व अलसुबह ब्रह्ममुहूर्त में हनुमानजी की साक्षी में सुंदरकांड का पाठ भी किया गया।
