इंदौर
खुड़ैल थाना क्षेत्र स्थित एक फार्म हाउस में चल रही संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर अनुभूति फार्म हाउस पर दी गई दबिश के दौरान पुलिस ने दिल्ली के एक बदमाश को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं, फार्म हाउस में रुकने वाले व्यक्तियों की जानकारी छिपाने और रिकॉर्ड न रखने के मामले में फार्म हाउस मालकिन के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है। डीएसपी उमाकांत चौधरी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम गढ़ी स्थित अनुभूति फार्म हाउस में कुछ संदिग्ध लोग ठहरे हुए हैं और वहां नियमों का उल्लंघन हो रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए जब पुलिस टीम मौके पर पहुँची, तो वहां खड़ी स्कार्पियो कार क्र डीएल४सी/बीडी-३५६२ की तलाशी ली गई। कार से एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पाया कि फार्म हाउस की मालकिन अर्चना सिंह निवासी निपानिया।द्वारा प्रशासन के नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। फार्म हाउस में रुकने वाले व्यक्तियों की जानकारी न तो संबंधित थाने को दी गई थी और न ही वहां आने-जाने वालों के लिए कोई विजिटिंग रजिस्टर संधारित किया गया था। यह धारा १६३ बीएनएसएस के अंतर्गत जारी प्रतिबंधात्मक आदेशों का सीधा उल्लंघन पाया गया, जिसके चलते अर्चना सिंह के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।पुलिस टीम जब फार्म हाउस के भीतर दाखिल हुई, तो आरोपी सूरजभान सिंह वहां शराब पीता हुआ पाया गया। पुलिस ने मौके से शराब की आधी भरी हुई बोतल और कांच के गिलास भी जब्त किए हैं। पकड़े गए आरोपी का दिल्ली कनेक्शन और इंदौर
के फार्म हाउस में हथियारों के साथ मौजूदगी कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।खुड़ैल पुलिस ने आरोपी सूरजभान सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट और अर्चना सिंह के खिलाफ प्रतिबंधात्मक आदेशों के उल्लंघन की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
