इंदौर।
परदेशीपुरा थाना क्षेत्र स्थित ‘कुलकर्णी का भट्टा’ इलाके में एक सनकी पिता ने अपनी ही पत्नी पर सिर्फ इसलिए चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, क्योंकि उसने बेटी की पढ़ाई के लिए टीवी बंद करने को कहा था। फरियादी रेखा निमजे ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी मीनाक्षी के वर्तमान में पेपर चल रहे हैं। बेटी घर में पढ़ाई कर रही थी, लेकिन उसका पति शिवप्रसाद निमजे तेज आवाज में टीवी देख रहा था। पढ़ाई में खलल पड़ने पर जब बेटी ने पिता से टीवी बंद करने का अनुरोध किया, तो शिवप्रसाद उग्र हो गया और चिल्ला-चोट करने लगा।बेटी और पति के बीच बढ़ते विवाद को देख रेखा निमजे वहां पहुंचीं। उन्होंने पति को समझाते हुए कहा कि बच्ची का पेपर है, उसे डिस्टर्ब हो रहा है, आप टीवी बंद कर दीजिए।इतनी सी बात सुनते ही शिवप्रसाद आपे से बाहर हो गया और गंदी गालियां देने लगा। जब पत्नी ने उसे गाली देने से मना किया, तो उसने पास ही पड़ा सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और रेखा के पेट में मार दिया।चाकू लगते ही रेखा के पेट से खून बहने लगा और वह लहूलुहान हो गई। शोर सुनकर आसपास के लोग और परिजन मदद के लिए दौड़े। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। परदेशीपुरा पुलिस ने आरोपी पति शिवप्रसाद के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है
