इंदौर
तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम दिया गया। सपेरा कॉलोनी उमरीखेड़ा में आयोजित एक सगाई समारोह के दौरान खाना खाने को लेकर हुए विवाद ने इतना उग्र रूप ले लिया कि परिचितों ने ही एक युवक की जान ले ली। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपियों की धरपकड़ शुरू की। डीसीपी जोन १ कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि, मृतक की पहचान शुभम नाथ (१८)निवासी महादेव नगर राजेंद्र नगर के रूप में हुई है। शुभम बुधवार रात तेजाजी नगर स्थित सपेरा कॉलोनी, उमरीखेड़ा में अपने किसी परिचित के यहां सगाई के कार्यक्रम में शामिल होने गया था।बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान पार्टी चल रही थी, जहाँ शुभम का दूसरे पक्ष के कुछ लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि वहां से निकलने के बाद आरोपियो ने शुभम पर हमला कर दिया और उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। उस पर पेचकस और डंडोंसे हमला किया गया।हमले में आई गंभीर चोटों के कारण शुभम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया घटना की जानकारी मिलते ही देर रात तेजाजी नगर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। शुरुआती जांच में हमलावरों के नाम सामने आए हैं, जो शुभम के परिचित ही बताए जा रहे हैं।सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने मामले में आरोपियो को हिरासत में भी ले लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है।हालांकि अधिकारिक तौर पर आरोपियो के पकड़े जाने की पुष्टि नही की गई।
