इंदौर
शेयर मार्केट के नाम पर होने वाले निवेश प्रसॉड के खिलाफ तुकोगंज पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इंफिनिक्स इन्फोटेक नामक कंपनी के कार्यालय पर दबिश देकर बड़े रैकेट का खुलासा किया है। यह कंपनी भोले-भाले लोगों को दोगुना मुनाफा कमाने का लालच देकर उनके बैंक खाते खाली कर देती थी। देपालपुर निवासी फरियादी नितीश भगत ने पुलिस को बताया कि नवंबर 2024 में कंपनी के एमडी मनीष पांडे ने उन्हें फोन कर शेयर बाजार में निवेश का लालच दिया। जब नितीश ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है, तो मैनेजर नेहा जैन ने डेमो दिखाकर उन्हें विश्वास में लिया। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग किस्तों में और टर्मिनल खरीदने के नाम पर नितीश से कुल 4,80,000 रुपये की धोखाधड़ी की। आरोपियों ने एक फर्जी सॉफ्टवेयर के जरिए नितीश को लाभ दिखाया, लेकिन अंत में उनके खाते की राशि शून्य कर दी। जांच में यह भी सामने आया कि इसी कंपनी ने आंध्र प्रदेश निवासी कोना अमरनाथ रेड्डी के साथ भी 4,26,800 रुपये की ठगी की है। पुलिस को अंदेशा है कि देश के अन्य राज्यों में भी इस गिरोह ने कई लोगों को अपना शिकार बनाया है। एसीपी विनोद कुमार दीक्षित के निर्देशन में तुकोगंज पुलिस ने जब कंपनी के ऑफिस पर छापा मारा, तो वहां का नजारा किसी कॉल सेंटर जैसा था। पुलिस ने मौके से 23 सीपीयू, 14 लैपटॉप, 4 डीवीआर, 4 स्विच, मॉनिटर, कीबोर्ड और माउस, 66 मोबाइल फोन, 14 सीलबंद सिम कार्ड और अन्य सिम डिटेल्स,18 फाइल फोल्डर, 5 सील स्टैंप और 66 चेक बुक जब्त किए।तुकोगंज पुलिस ने कंपनी के मालिक मनीष पांडे के साथ अनिमेष चौहान, संदीप त्यागी, अनुराग सैंडलानी और नेहा जैन के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।इनमें संदीप अनुराग और अनिमेष को हिरासत में ले लिया गया है।
————————
