इंदौर

इंदौर, सांदीपनि शासकीय अहिल्या आश्रम कन्या शाला क्रमांक-1, पोलोग्राउंड का हाई स्कूल परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत 100% रहा, जबकि हायर सेकंडरी परीक्षा का परिणाम 93.4 % प्रतिशत रहा। हाई स्कूल की सभी नियमित छात्राएँ परीक्षा में उत्तीर्ण हुईं, जिससे विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। अधिकांश छात्राओं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई है।इस वर्ष की एक बड़ी उपलब्धि यह रही कि विद्यालय की 72 छात्राओं को शासन की लैपटॉप योजना हेतु पात्र पाया गया है। इन छात्राओं ने 75% प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
मेधावी छात्राओं ने लहराया परचम
हाई स्कूल परीक्षा में पलक पाटणकर ने 484 अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर 473-473 अंकों के साथ निष्ठा पाटिल एवं रीतिका गोस्वामी संयुक्त रूप से रहीं। इसी प्रकार हायर सेकंडरी परीक्षा में महक जायसवाल ने 469 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 466 अंकों के साथ नेहा विश्वकर्मा विद्यालय में द्वितीय स्थान पर रहीं।इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य श्री रामेश कुमार सेन एवं उप-प्राचार्य श्री विपिन जैन ने सभी सफल छात्राओं को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह परिणाम छात्राओं की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है।श्री सेन ने कहा, “शत-प्रतिशत परिणाम केवल अंक नहीं है, यह आत्मविश्वास है। हमारी बेटियाँ निरंतर आगे बढ़ें और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करें, यही विद्यालय का ध्येय है।” उप-प्राचार्य श्री विपिन जैन ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि “मेहनत और अनुशासन से हर लक्ष्य संभव है। शिक्षा की इस यात्रा को यहीं न रोकें, बल्कि इसे और ऊँचाई तक ले जाएँ।”विद्यालय में इस अवसर पर छात्राओं का मुँह मीठा कराया गया। शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। हाई स्कूल के शत-प्रतिशत परिणाम और 72 छात्राओं के लैपटॉप के लिए पात्र होने से विद्यालय का नाम पूरे क्षेत्र में गौरवान्वित हुआ है।
