इंदौर गुमाश्ता नगर निवासी करीब ७५ वर्षीय बुजुर्ग अपने घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे है। परिजनों ने उनकी देखरेख के लिए एजेन्सी के माध्यम से केयर टेकर बुलवाया जिसने आते ही दूसरे दिन बुजुर्ग के गले और हाथ से करीब २० लाख के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। द्वारकापुरी पुलिस को फरियादी ने मामले की शिकायत दर्ज करवाई है। मिली जानकारी के मुताबिक द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के गुमाश्ता नगर में रहने वाले ओमप्रकाश पिता छगनलाल मूंगड़ का स्वास्थ्य कुछ समय से ठीक नहीं है और वे बिस्तर पर ही आराम करते हैं और उनके लिए लम्बे समय से केयर टेकर दिलीप सिंह है यह दिलीप सिंह अपने पारिवारिक विवाह आयोजन में शामिल होने के लिए राजगढ़ जिले में जाना चाहते थे इसीलिए बुजुर्ग के परिजनों ने ज्योति हेल्थ केयर एजेंसी के संचालक उमराव सिंह से करीब १० दिनों के लिए केयर टेकर मांगा और शुक्रवार को केयर टेकर के रूप में यश पिता विवेक निवासी हनुमान रोड फिरोजाबाद को भेजा गया। यह नाम और पता आधार कार्ड पर आधारित है जो कि फर्जी भी हो सकता है। इस मामले में द्वारकापुरी थाना में बुजुर्ग के पौत्र आभास मूंगड़ ने शिकायत दर्ज कराई। फरियादी ने पुलिस को बताया कि एजेन्सी संचालक उमराव सिंह ने गोविंद पाटीदार के माध्यम से यश को भिजवाया था। शनिवार की शाम को जल्दी स्वास्थ्य खराब होने का कहकर चला गया और रविवार को दोपहर खाना खाने का कहकर गया, इस दौरान वह अपने साथ नशीली दवाइयों के पावडर के छोटे-छोटे पैकेट लेकर आया, यह पावडर उसके बैग में मिले हैं, वह साथ में दो ज्यूस के लिक्विड भी गिलास में लेकर आया और कचोरी भी लेकर आया, संभवत: कचोरी की चटनी में भी नशीला पावडर था, जो ज्यूस गिलास में लेकर आया उसमें भी नशीला पावडर मिला दिया गया था और वह बुजुर्ग ओमप्रकाश के अलावा पुराना केयर टेकर दिलीप सिंह को भी पिला दिया। यह घटना करीब रविवार की शाम ४.३० बजे की है और दोनों ही लोग ज्यूस के साथ दवाई होने के कारण बेसुध हो गए और मौके का फायदा उठाकर बुजुर्ग ओमप्रकाश की मोटी चेन और ब्रेसलेट दोनों ले गया, जिसकी कीमत २० से २५ लाख रु. बताई जा रही है। घटना के बाद जब घर से रविवार की रात ७.४६ पर आरोपी यश घर से निकला और वह गुमाश्ता नगर से स्कीम नं. ७१ रिंगरोड की तरफ जाता हुआ दिखा, १० मकान के बाद वह दौड़ता भी दिखाई दिया। पूरी घटना की शिकायत फरियादी आभास ने द्वारकापुरी थाना में दर्ज कराई और घटना के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपे हैं। इधर जो लोकेशन ज्योति हेल्थ केयर की दी गई थी वह भी गलत निकली, एक और लोकेशन बाद में हाथ आई तो वहां जब फरियादी और उनके लोग पहुंचे तो वहां तरुण नामक कर्मचारी मिला और कहा ज्योति हेल्थ केयर का संचालक उमराव अभी नहीं है। इस घटना के बाद फरियादी ने एजेंसी संचालक उमराव सिंह को फोन किया था तो उन्होंने घटना स्थल घर आने की बात कही थी, लेकिन बाद में फोन बंद कर लिया गया। इधर जो व्यक्ति गोविंद पाटीदार आरोपी यश को गुमाश्ता नगर केयर टेकर के रूप में छोड़ने आया था वह फोन पर बात कर रहा है, कल उसने अपनी लोकेशन देवास की बताई और उसके बाद राजस्थान की लोकेशन बताई। पुलिस को शंका है कि इस पूरे घटना के अंजाम में एक गैंग सामने आएगी। पुलिस के अलावा फारेंसिक टीम ने भी पूरा मौका मुआयना कर लिया है। सूत्रों का कहना है कि इस हेल्थ केयर एजेंसी से जुड़े कुछ लोगों का मामला पहले से अन्नपूर्णा थाना में भी चल रहा है। इधर आरोपी घटना को वारदात कर तेजी से घर से निकला था वह अपने कपड़े का बैग और बैग में बचा हुआ नशीला पावडर व कचोरी चटनी वहीं छोड़ गया था, जिसे भी फारेंसिक टीम ने जब्त कर लिया है। पुलिस द्वारकापुरी की टीम ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और काम भी तेजी से शुरू कर दिया है। पुलिस को संभावना है कि जल्द ही इस घटना को अंजाम देने वालों को दबोच लिया जाएगा। पुलिस अभी इसके पीछे और कौन लोग है या नहीं है इस पर भी काम कर रही है। यह आरोपी पहले भी दो जगह काम कर चुका है, पुलिस वह भी ध्यान कर रही है कि कहीं वहां पर भी घटना को अंजाम तो नहीं दिया गया है।
