प्रांतीय संगठन मंत्री कैलाशचंद्र खंडेलवाल ने की 71 सदस्यीय नई कार्यकारिणी की घोषणा
इंदौर

गौसेवा भारती के प्रांतीय संगठन मंत्री कैलाशचंद्र खंडेलवाल ने इंदौर इकाई के संगठन मंत्री निलेश गंगराडे की अनुशंसा पर गौसेवा भारती इंदौर की वर्ष 2026-27 के लिए 71 सदस्यीय नवीन कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए सुरेश पिंगले को अध्यक्ष, उपेन्द्र बोहरा को महामंत्री एवं पंकज अग्रवाल को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया है। नई कार्यकारिणी में 3 संयुक्त महामंत्री, 9 उपाध्यक्ष, 11 मंत्री, 11 सह मंत्री, 16 कार्यकारिणी सदस्य, प्रचार मंत्री तथा 16 विशेष आमंत्रित सदस्य मनोनीत किए गए हैं।
खंडेलवाल ने शहर की नई कार्यकारिणी के गठन की घोषणा के साथ ही राज्य शासन को गौहत्या बंदी को लेकर कड़े कानून बनाने पर धन्यवाद दिया है। संगठन के अध्यक्ष सुरेश पिंगले एवं महामंत्री उपेन्द्र बोहरा ने 27 अप्रैल को होने वाले गौ सम्मान आन्दोलन का समर्थन करते हुए कहा है कि देश में केरल, कर्नाटक और बंगाल जैसे प्रान्तों में आज भी गौ हत्या के लिए मंडी लगती है और प्रतिदिन हजारों गौ वंश का क़त्ल किया जा रहा है। गाय को राष्ट्रीय प्राणी घोषित कर गौ वंश के हत्यारों को फांसी की सजा का प्रावधान करने तथा देश के हर जिले में गौ-अभ्यारण्य बनाने की 3 सूत्रीय मांगों को लेकर गौ सेवा भारती द्वारा 27 अप्रैल को देशव्यापी व्यापक आन्दोलन किया जाएगा जिसके तहत इंदौर में भी उक्त आन्दोलन चलाया जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ मार्गदर्शक हुकुमचंद सावला, अशोक गुप्ता हिन्दुस्तानी सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे जिन्होंने नए पदाधिकारियों का स्वागत किया।
