प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी बालटाल से 13 जुलाई तक यात्रा की तैयारियां, मेडिकल प्रमाण पत्र जरुरी

इंदौर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी नवलखा स्थित मनकामेश्वर कांटाफोड़ शिव मंदिर के भक्तों का जत्था आगामी 3 जुलाई को अमरनाथ यात्रा के लिए रेल मार्ग से प्रस्थित होगा। पिछले कई वर्षों से कांटाफोड़ मंदिर ट्रस्ट की ओर से अमरनाथ यात्रा मार्ग पर लंगर सेवा और इंदौर तथा मालवांचल से पहुँचने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवास, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का सिलसिला चला आ रहा है। इस बार भी यह यात्रा थर्ड एसी कोच से होगी।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग एवं संयोजक बीके गोयल ने बताया कि अमरनाथ यात्रा के लिए बड़ी संख्या में मंदिर से जुड़े भक्तों द्वारा उत्साह दिखाया जा रहा है। पिछले कई वर्षों से मंदिर ट्रस्ट से जुड़े भक्त अमरनाथ यात्रा में शामिल तो हो ही रहे है, यात्रा मार्ग पर लगने वाले लंगर में भी अपनी सेवाएँ देते आ रहे हैं। इस बार भी 3 जुलाई से 13 जुलाई तक अमरनाथ यात्रा का कार्यक्रम बनाया गया है। भक्त मंडल के परमानन्द वालेचा, आनंद शर्मा, प्रीतेश जिंदल बंटी एवं विजय लाला ने बताया कि इंदौर में पीसी सेठी चिकित्सालय छावनी, हुकुमचंद पोलीक्लीनिक, मल्हारगंज पोलीक्लीनिक, जिला अस्पताल, लाल अस्पताल एवं एमवाय में मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र बनाने की व्यवस्था की गई है। जो श्रद्धालु यात्रा में चलना चाहते हैं उन्हें उक्त अस्पतालों से स्वास्थ्य फिटनेस का प्रमाण पत्र लेना होगा। उसके बाद ही अमरनाथ यात्रा पर जाना संभव होगा। यात्रा पंजीकरण के लिए अमरनाथ श्राइन बोर्ड की वेबसाइट पर भी ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा उपलब्ध है। यह यात्रा बालटाल से प्रारम्भ होगी और रजिस्ट्रेशन 3 से 6 जुलाई की अवधि में दर्ज कराना होगा।
अमरनाथ यात्रा के साथ ही मंदिर ट्रस्ट का प्रयास होगा कि माँ वैष्णो देवी धाम, शिवखोड़ी, श्रीनगर एवं गुलमर्ग की यात्रा भी मंदिर के भक्तों को कराई जाए। इसके लिए सुशील प्रजापत से 94250-54880, विजय लाला से 94259-94000, प्रीतेश जिंदल बंटी से 98272-33147 एवं आनंद शर्मा से 98260-81115 पर सम्पर्क कर यात्रा संबंधी जानकारियां प्राप्त की जा सकती है।
