इन्दौर. लसूड़िया थाना क्षेत्र में मेहनत की मजदूरी मांगना एक फोटोग्राफर को महंगा पड़ गया। तुलसी नगर में एक शादी समारोह का फोटोशूट करने वाले देवास के युवक के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि शादी के काम के बाद जब वह अपने बकाया एक लाख रुपये मांगने पहुंचा, तो आरोपी ने न केवल उसके साथ मारपीट की, बल्कि उसका लैपटॉप भी रख लिया और जान से मारने की धमकी देकर उसे भगा दिया। पुलिस के अनुसार, फरियादी नरेन्द्र पिता कमल जाटवा निवासी दहरिया साहू, जिला देवास एक प्रोफेशनल फोटोग्राफर हैं। नरेन्द्र ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अप्रैल २०२४ में उदय रंजन सिसोदिया निवासी तुलसी नगर की बहन की शादी में फोटोशूट का काम किया था। पूरे वेडिंग शूट का सौदा १,२३,००० रुपये में तय हुआ था। नरेन्द्र ने पुलिस को बताया कि काम शुरू होने के समय उन्हें केवल २०,००० रुपये दिए गए थे। शादी के बाद फोटो सिलेक्शन के लिए नरेन्द्र ने अपना लैपटॉप भी उदय रंजन को दिया था। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी बकाया राशि नहीं मिली, तो नरेन्द्र अपने मेहनताने के शेष रुपए मांगे इसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
