इंदौर
सराफा थाना क्षेत्र में विश्वासघात का बड़ा मामला सामने आया है। चांदी की दुकान पर काम करने वाला कर्मचारी लाखों की चांदी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार फरियादी राहुल जैन निवासी साउथ तुकोगंज ने शिकायत दर्ज करवाई कि उनकी विहर्ष ज्वेलर्स नाम से चांदी के जेवर की दुकान सिद्दी विनायक कॉम्प्लेक्स, बड़ा सराफा में स्थित है। ८ अप्रैल को उनका कर्मचारी पंकज निमावत करीब ६ किलो १०५ ग्राम चांदी कीमत करीब १५.०९ लाख रुपए लेकर दुकान पर आया था। इसके बाद कुछ देर के लिए वे दुकान से बाहर गए थे। इसी दौरान मौका पाकर कर्मचारी पंकज निमावत चांदी लेकर फरार हो गया। जब वे लौटे तो दुकान पर न तो चांदी मिली और न ही कर्मचारी। आसपास तलाश करने के बावजूद आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने आरोपी पंकज निमावत के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
