इंदौर
शहर में अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खजराना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्रीन बेल्ट स्टार चौराहे के पास दबिश देकर क्रिकेट का ऑनलाइन सट्टा चला रहे पांच आरोपियों को रंगे हाथों
धरदबोचा। आरोपियों के पास से सट्टा खेलने और संचालित करने में उपयोग की जाने वाली सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि खजराना इलाके में कुछ लोग संगठित होकर क्रिकेट मैच पर हार-जीत का दांव लगवा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपियों में हड़कंप मच गया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी पांचों को अपनी गिरफ्त में ले लिया। पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों के नाम वीरसिह सावलिया निवासी मेनरोड खजराना, दिनेश राठौर निवासी सूरज नगर, अंगद पटेल, निवासी सिध्द विनायक कॉलोनी खजराना, रोहित परमार, निवासी रिध्दी सिध्दी गणेशपुरी और सचिन सोलंकी निवासी खजराना बताए जा रहे है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और अन्य सट्टा सामग्री जब्त की है। खजराना पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध किया है। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे किस ऐप या नेटवर्क के जरिए यह सट्टा संचालित कर रहे थे और
इसके तार कहां तक जुड़े हुए हैं।
