इंदौर के मल्हारगंज थाना क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस के एक आरक्षक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार को घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। एडिशनल डीसीपी सुमित केरकट्टा के अनुसार, चौथी पल्टन स्थित पुलिस क्वार्टर की पहली मंजिल पर रहने वाले ट्रैफिक आरक्षक अंकित तोमर (29) ने यह कदम उठाया। कमरे की तलाशी लेने पर भी कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। ऐसे में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
यूपी का रहने वाला था अंकित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए हैं। अंकित पिता धर्मपाल सिंह तोमर उत्तर प्रदेश के बागपत जिले का रहने वाला था। शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मृतक के सगे चाचा इंदौर ही रहते है, वह भी अस्पताल में है।
ड्यूटी से लौटने के बाद किया सुसाइड
शुरुआती जानकारी के अनुसार, अंकित तोमर का चयन दिल्ली पुलिस में हो चुका था और वह 3-4 महीने में ज्वाइन करने वाला था। वह अविवाहित था और एसीपी ट्रैफिक ईस्ट कार्यालय में लिपिकीय कार्य देख रहा था।
पुलिस को साथियों से जानकारी मिली है कि अंकित शुक्रवार रात करीब 10 बजे ड्यूटी से घर लौटा था। इसके बाद रात में ही यह घटना हुई। छुट्टी नहीं मिलने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है।
