इंदौर।
मानपुर थाना क्षेत्र में गत 29 अप्रैल की रात हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को सनावद-ओंकारेश्वर क्षेत्र से घेराबंदी कर दबोच लिया है। पकड़ा गया आरोपी शातिर अपराधी है और उस पर विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हत्या की जड़ें ग्राम कुवाली में हुए एक शादी समारोह से जुड़ी हैं। वहां ग्राम नादेड़ के पुराने विवाद को लेकर आरोपियों और मृतकों के बीच तीखी कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से पीड़ितों को फोन कर बुलाया और फिर पीछा कर उन पर जानलेवा हमला कर दिया।29 अप्रैल की रात पटेल जिम के सामने, जानापाव एबी रोड पर आरोपियों ने अतुल मकवाना और शैलेन्द्र सिंगाड पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया था। इस हमले में दोनों की मौत हो गई थी, जबकि उनके साथी बलराम डावर गंभीर रूप से घायल हुए थे। बलराम की शिकायत पर ही पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। ?मानपुर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से मुख्य आरोपी सौरभ पिता रामसिंह निवासी एकता नगर, इंदौर को गिरफ्तार किया। आरोपी सौरभ का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है।?उसके खिलाफ भंवरकुआं और बाणगंगा थानों में मारपीट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस सहित करीब 14 मामले दर्ज हैं।वह पूर्व में जिला बदर भी रह चुका है। इस हत्याकांड में शामिल एक अन्य प्रमुख आरोपी शैलेन्द्र उर्फ बाबा निवासी भावना नगर और उसके 4 साथी अब भी फरार हैं। मानपुर थाना प्रभारी महेंद्र मकाश्रे के अनुसार, मुख्य आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्याकांड से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा सकें। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
