
“कवन सो काज कठिन जग माही, जो नहीं होइ तात तुम पाहीं” महामंत्र से समर्पित की जाएंगी 11 लाख आहुतियाँ
इंदौर, 3 मई। हवा बंगला, कैट रोड स्थित हरिधाम आश्रम पर 22 मई से प्रारम्भ होने वाले पंचकुंडीय श्रीहनुमत महायज्ञ, श्रीराम कथा एवं विशाल भंडारे के दिव्य अनुष्ठान के लिए रविवार को सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आश्रम के महंत शुकदेव दास महाराज के सानिध्य में भूमि पूजन की रस्म सम्पन्न हुई। इस दौरान समूचा आश्रम परिसर यज्ञ देवता के जयघोष से गूंज उठा।
भूमि पूजन में यजमान समूह की ओर से ललित अग्रवाल, सीताराम नरेडी, ओमप्रकाश अग्रवाल एवं विजय सिंह राणा ने विद्वान आचार्यों के निर्देशन में मंडल पूजन स्थित विभिन्न रस्में संपन्न की। आश्रम परिवार की ओर से डॉ. सुरेश चोपड़ा, सुधीर अग्रवाल, राघवेन्द्र सिंह बैस, संजय अग्रवाल, राजेंद्र गर्ग समर्पण, गुमानसिंह ठाकुर, मांगीलाल ठाकुर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर यजमान समूह ने महंत शुकदेव दास के सानिध्य में गेती चलाकर 45*45 क्षेत्र में बनने वाली यज्ञशाला के लिए भूमि पूजन किया। न्यास के प्रमुख ट्रस्टी विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग एवं दिनेश मित्तल ने बताया कि इस यज्ञशाला में 22 से 29 मई तक प्रतिदिन सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक 51 वैदिक विद्वानों द्वारा पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में “कवन सो काज कठिन जग माही, जो नहीं होइ तात तुम पाहीं” महामंत्र से आहुतियाँ समर्पित की जाएंगी। महायज्ञ में कुल 11 लाख आहुतियाँ समर्पित कर समाज, शहर एवं राष्ट्र में सुख, शांति एवं सदभाव के लिए प्रार्थना की जाएगी।
भव्य कलश यात्रा 22 को – यजमानों को इस दौरान महायज्ञ में सिद्ध और अभिमंत्रित किए गए श्रीयंत्र भी भेंट किए जाएँगे। इसके साथ ही 22 मई को ही शाम 4 बजे फूटी कोठी स्थित पुखराज पैलेस से हरिधाम तक भव्य कलश यात्रा भी निकाली जाएगी। 23 से 29 मई तक यहाँ श्रीधाम वृन्दावन के प्रख्यात कथाकार पं. श्रीराम प्रपन्नाचार्य महाराज के श्रीमुख से संगीतमय श्रीराम कथा का दिव्य आयोजन भी प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक होगा। इस दिव्य अनुष्ठान में शहरी क्षेत्र के साथ ही आसपास के 25 गांवों के श्रद्धालु भी भागीदार बनेंगे। शुक्रवार 29 मई को दोपहर 2 बजे महायज्ञ की पूर्णाहुति के पश्चात शाम 7 बजे से विशाल भंडारे के क्रम प्रारम्भ होगा।
