विजय नगर थाना क्षेत्र में सरकारी नल से पानी भरने जैसी छोटी सी बात पर दो पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चल गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने हो गए और आपस में भिड़ गए। घटना स्कीम नंबर ५४ स्थित दूरसंचार कॉलोनी की है। दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज की धाराओं में मामला दर्ज कराया है। विजय नगर पुलिस के मुताबिक, सरकारी नल पर पहले पानी भरने की बात को लेकर हुआ विवाद मामले में पहले पक्ष की ओर से दूरसंचार कॉलोनी निवासी राधा पति चेतराम पंचोली ने शिकायत दर्ज कराई है। राधा ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर के समीप स्थित सरकारी नल से दैनिक उपयोग के लिए पानी भरने गई थीं। उसी समय वहां पहले से मौजूद मोहल्ले के अन्य लोग भी पानी भर रहे थे। आरोप है कि राधा को देखते ही वहां मौजूद लोगों ने उन्हें नल से पानी भरने से साफ मना कर दिया और विरोध करने पर गालियां देना शुरू कर दिया। जब राधा ने गाली-गलौज करने पर आपत्ति जताई, तो आरोपियों ने एकजुट होकर उन पर हमला कर दिया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। राधा की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी मुकेश, महावीर प्रजापत, अतुल प्रजापत, हनी और अमन के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, दूसर पक्ष की ओर से धर्मवीरपिता बृजलाल प्रजापत ने काउंटर केस दर्ज कराते हुए पुलिस को अलग कहानी बताई। धर्मवीर का आरोप है कि घटना के वक्त चेतराम पंचोली और उनकी पत्नी राधा उनके निर्धारित नल वाले पॉइंट पर पानी भरने आए थे। इस पर धर्मवीर ने उन्हें टोकते हुए सहजता से कहा कि आपका नल दूसरी तरफ लगा हुआ है, आप लोग अपने वहां से पानी क्यों नहीं भरते, यहाँ क्यों आए हो? धर्मवीर का आरोप है कि इतनी सी बात सुनते ही पंचोली परिवार के लोग तैश में आ गए और गालियां बकते हुए उन पर लातघूंसों से हमला कर दिया। धर्मवीर की शिकायत पर विजय नगर पुलिस ने आरोपी सिकंदर पंचोली, चेतराम पंचोली, राधा, स्नेहा और श्रद्धा पंचोली के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है।
