एडिशनल कमिश्नर के सामने बनी सहमति, मीटिंग से निकलते ही भाजपा पार्षद लालबहादुर वर्मा मुकरे; जनता ने किया विरोध

इंदौर। वार्ड 26 के भाजपा पार्षद लालबहादुर वर्मा और वार्ड 45 की कांग्रेस पार्षद सोनिला मिमरोट के बीच वॉल्व को लेकर चल रहा विवाद अब जनता के लिए परेशानी का सबब बन गया है। दोनों वार्डों में बीते एक माह से पानी की समस्या बनी हुई है।
क्या है पूरा मामला
नगर निगम द्वारा पानी की टंकी से डाली गई सप्लाई लाइन में पार्षद लालबहादुर वर्मा ने बिना प्रावधान के अपने क्षेत्र में लाइन जुड़वा ली। इससे उनके वार्ड नेहरू नगर के पीछे पानी पहुंचने लगा, जबकि पार्षद सोनिला मिमरोट के वार्ड 45 में पानी की कमी हो गई।
अफसरों के सामने बनी थी सहमति
विवाद सुलझाने के लिए मामला नगर निगम अधिकारियों तक पहुंचा था। तीन दिन पहले एडिशनल कमिश्नर आशीष कुमार पाठक ने दोनों पार्षदों को बुलाकर समाधान निकाला था। मीटिंग में दोनों पार्षद सहमत भी हो गए थे।
मीटिंग से निकलते ही पलटे वर्मा
लेकिन मीटिंग से बाहर आते ही पार्षद लालबहादुर वर्मा ने तय बातों को मानने से इनकार कर दिया। इससे विवाद फिर खड़ा हो गया। नतीजा यह हुआ कि आज पानी संकट से परेशान लोगों ने बड़ी संख्या में बाहर आकर विधायक के घर का घेराव कर दिया। दो पार्षदों की खींचतान का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। दोनों वार्डों में पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है।
