नीमा समाज से जुडी विभिन्न संस्थाओं की भागीदारी में सुबह कलश यात्रा के साथ होगा शुभारंभ – अनेक उत्सव भी मनाएंगे

इंदौर श्री दशा नीमा समाज की मेजबानी में 31 मई से 6 जून तक मालगंज चौराहा स्थित नवश्रृंगारित नीमा धर्मशाला पर श्रीमद भागवत ज्ञान यज्ञ महोत्सव का दिव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन दशानीमा ट्रस्ट के हीरक जयंती महोत्सव एवं पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में प्रतिदिन दोपहर 4 से शाम 7 बजे तक होगा, जहाँ बुरहानपुर के प्रख्यात भागवताचार्य पं. आदित्य मुखिया के श्रीमुख से भागवत कथामृत वर्षा होगी। इस दौरान विभिन्न उत्सव भी मनाए जाएँगे। कथा स्थल को वृन्दावन धाम नाम दिया गया है।
श्री दशा नीमा पंचायत ट्रस्ट के अध्यक्ष सत्यनारायण नीमा एवं प्रमुख ट्रस्टी पूर्व पार्षद महेश नीमा गामा ने बताया कि नवश्रृंगारित नीमा धर्मशाला की छत पर इस आयोजन के लिए भव्य पांडाल का निर्माण किया गया है जिसे वृन्दावन धाम नाम दिया गया है। कथा संयोजक सतीश नीमा मालक एवं ट्रस्ट के मंत्री कमल नीमा ने बताया कि कथा का शुभारंभ रविवार 31 मई को सुबह 9 बजे नीमा धमर्शाला से विशाल शोभायात्रा के साथ होगा। कथा वाचक पं. आदित्य मुखिया एवं भागवतजी एक सुसज्जित रथ पर विराजित होंगे। महिलाएं मस्तक पर कलश लेकर और पुरुष भगवा पताकाएँ लिए इस यात्रा में शामिल होंगे। शोभायात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यकर्त्ता तैनात रहेंगे तथा सफाई व्यवस्था का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। समाज से जुडी सभी संस्थाओं और अन्य संगठनों के बंधु भी इस यात्रा में शामिल होंगे।
गुरुवार रात को नीमा धर्मशाला मालगंज चौराहा पर समाज की विभिन्न संस्थाओं की बैठक में पूर्व विधायक गोपीकृष्ण नीमा ने समाज एवं शहर की गौरवशाली परम्परा के अनुरूप इस अनुष्ठान को गरिमापूर्ण बनाने का आग्रह किया। संचालन महेश नीमा गामा ने किया और आभार माना सतीश नीमा मालक ने। उन्होंने बताया कि कथा के दौरान शुकदेव प्रसंग, ध्रुव चरित्र, नरसिंह अवतार, वामन अवतार, राम अवतार, कृष्ण जन्म एवं नंद उत्सव जैसे मनोरथ के साथ ही रुक्मणी विवाह और सुदामा चरित्र प्रसंग भी होंगे।
